चक्रधरपुर…पूर्व मुखिया की गोली मारकर हत्या

चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत गुलकेड़ा पंचायत के उप मुखिया 44 वर्षीय संजय बोयपाई की अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बताया जाता है कि संजय बोयपाई गुईगांव के निवासी थे और खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे गुलकेड़ा पंचायत के पूर्व उप मुखिया थे। रविवार देर रात भोजन करने के बाद वे अपने घर के आंगन में सोए हुए थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे दो-तीन बाइक पर सवार होकर कुछ अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और आंगन में सोए हुए संजय बोयपाई के कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस अपराधियों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। मृतक संजय बोयपाई अपने पीछे पत्नी मरियम बोयपाई, पुत्र आकाश बोयपाई 18 वर्ष) एवं शीतल बोयपाई 15 वर्ष सहित पूरे परिवार को छोड़ गए हैं। उनकी हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक की लहर है और ग्रामीण अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Share this News...