गांधी जयंती : आज से चांडिल डैम पर थर्मोकोल व पॉलीथिन पर प्रतिबंध, एसडीओ ने लगाया झाड़ू

चांडिल । महात्मा गांधी जयंती पर चांडिल अनुमंडल प्रशासन ने सराहनीय कदम उठाया है, जिससे पर्यटक काफी उत्साहित हैं। गांधी जयंती पर चांडिल डैम क्षेत्र में थर्मोकोल तथा पॉलीथिन उपयोग पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश जारी किया गया। चांडिल डैम नौका विहार परिसर में चांडिल बांध विस्थापित मत्स्यजीवी स्वावलंबी सहकारी समिति द्वारा गांधी जयंती मनाया गया। इस दौरान महात्मा गांधी के चित्र पर चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी रंजीत लोहरा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय सिंह व अन्य पदाधिकारी एवं समिति के सदस्यों ने श्रद्धांजलि दी। वहीं, नौका विहार परिसर में सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें अनुमंडल पदाधिकारी समेत सभी लोग सम्मिलित हुए। यहां अनुमंडल पदाधिकारी ने स्वयं झाड़ू चलाकर सफाई अभियान की शुरूआत की। गांधी जयंती के अवसर पर प्रशासन की ओर से नौका विहार परिसर में जगह जगह डस्टबिन (कूड़ादान) तथा बोर्ड भी लगाया गया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि पर्यटकों का ध्यानाकर्षण के लिए जगह जगह बोर्ड लगाया गया, जिसमें सुरक्षा तथा साफ सफाई से संबंधित दिशा निर्देश लिखे गए हैं। विभिन्न स्थानों पर कूड़ेदान भी रखा गया, ताकि नौका विहार परिसर हमेशा साफ सुथरा रहे। इसके साथ ही प्रशासन ने सभी दुकानदारों को थर्मोकोल प्लेट तथा पॉलीथिन उपयोग नहीं करने का निर्देश दिया। वहीं, समिति के पदाधिकारियों से कहा कि पर्यटक बाहर से थर्मोकोल प्लेट व पॉलीथिन लाने पर कड़ी नजर रखें और प्रतिबंध होने की जानकारी दें। इस दौरान चांडिल बांध विस्थापित मत्स्यजीवी स्वावलंबी सहकारी समिति के अध्यक्ष नारायण गोप ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व में महात्मा गांधी जैसे व्यक्तित्व और विचारधारा रखने वाले लोगों की आवश्यकता है। गांधी के बताए मार्ग पर चलकर ही विश्व का कल्याण हो सकता है। इस मौके पर चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी रंजीत लोहरा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय सिंह, इंस्पेक्टर पास्कल टोप्पो, झामुमो केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू, गुरुचरण किस्कू, वरिष्ठ झामुमो नेता सुखराम हेम्ब्रम, समिति के अध्यक्ष नारायण गोप, सचिव श्यामल मार्डी, कार्तिक महतो, पंचानन महतो, भजन गोप, किरण वीर, बासुदेव अदित्यदेव, बासु घुनीया, सनातन मार्डी आदि मौजूद थे।

Share this News...