चांडिल : ट्रक को पीछे से टिप ट्रैलर ने मारी टक्कर, चालक को क्रेन की मदद से निकाला गया

चांडिल। थाना क्षेत्र के चिलगु के समीप नेशनल हाईवे फोरलेन पर रांची – टाटा लेन में बड़ी दुर्घटना घटी है। घटना रात दस बजे की है, जहां एक दस पहिया ट्रक को टिप ट्रैलर ने पीछे से टक्कर मार दी है। टक्कर भयंकर थी, जिसके कारण टिप ट्रैलर के परखच्चे उड़ गए हैं। टक्कर मारने के बाद टिप ट्रैलर का चालक लहूलुहान अवस्था में अपनी सीट पर ही फंस गया था। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी। मौके पर चांडिल थाना प्रभारी अजित कुमार घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने वाहन के अंदर फंसे हुए चालक को निकालने के लिए क्रेन मंगवाया। क्रेन की मदद से ट्रैलर के सामने के हिस्से को खिंचवाया गया। तकरीबन एक घंटे की मशक्कत के बाद घायल चालक को बाहर निकालकर इलाज के लिए एमजीएम भेज दिया गया। टिप ट्रैलर के घायल चालक की पहचान डिमना निवासी राधेश्याम यादव के रूप में हुई हैं। उसकी हालत गंभीर बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों की मानें तो चालक शराब पी कर गाड़ी चला रहा था। चांडिल गोलचक्कर से ही वह रफ ड्राइविंग करते हुए आ रहा था, जिसके कारण अनियंत्रित होकर ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी।

Share this News...