बोकारो में दिनदहाड़े 21.40 लाख रुपये की लूट, एटीएम में कैश लोड करने जा रहे व्यक्ति को बनाया निशाना

बाइक सवार दो बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

बोकारो: जिले में दिनदहाड़े 21 लाख 40 हजार रुपये की लूट से सनसनी फैल गई. माराफारी थाना क्षेत्र के मनसा सिंह गेट के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एटीएम में कैश लोड करने जा रहे व्यक्ति को निशाना बनाया. घटना की सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार और माराफारी थाना प्रभारी संजय कुमार मौके पर पहुंचे. घटनास्थल पर पहुंच कर पीड़ित से पूछताछ किया और वहां लगे सीसीटीवी फुटेज को देखने के निर्देश थाना प्रभारी को दिए.

डीएसपी पवन कुमार ने कहा कि एक निजी कंपनी के पेमेंट सर्विस के बिजनेस पार्टनर विजय कुमार के अनुसार, बताया कि दो दिनों तक बैंक बंद रहने के कारण आज अधिक राशि निकाली गई थी. जिसके बाद दोनों एटीएम में राशि जमा करना था. वह नया मोड़ स्थित एक्सिस बैंक से 21 लाख 40 हजार रुपये लेकर बाइक से कुर्मीडीह एटीएम जा रहे थे. इसी दौरान दो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक को धक्का मारकर गिरा दिया और नकदी लेकर फरार हो गए.

डीएसपी ने दी जानकारी

मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाएगी. साथ ही डीएसपी ने यह भी बताया कि इतनी बड़ी रकम निजी बाइक से ले जाने के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन हुआ या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है. अब सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी रकम बिना पर्याप्त सुरक्षा के कैसे ले जाई जा रही थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है.

Share this News...