सीआईडी जांच पर उठाए सवाल, जेएसएससी-सीजीएल की सीबीआई जांच की मांग
जमशेदपुर : पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रविवार को जमशेदपुर परिसदन में पत्रकार वार्ता के दौरान जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा मामले को लेकर राज्य सरकार और जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सरकार ने उच्च न्यायालय में दाखिल हालिया शपथपत्र में परीक्षा की पूरी प्रक्रिया को दूषित बताया है. ऐसे में पहले न्यायालय में दाखिल किए गए शपथपत्रों की सत्यता पर भी सवाल उठता है. श्री मरांडी ने पूछा कि यदि पूरी परीक्षा प्रक्रिया दूषित थी तो सुधीर गुप्ता, अनुराग गुप्ता, प्रशांत कुमार और मनोज कौशिक की भूमिका और जवाबदेही की जांच क्यों नहीं हुई? उन्होंने कहा कि जवाबदेही केवल निचले स्तर के लोगों की तय कर ऊपर बैठे जिम्मेदार लोगों को संरक्षण क्यों दिया जा रहा है.
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जवाबदेही पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी अनियमितता सरकार की जानकारी और निगरानी के बिना कैसे संभव हुई. इस मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग दोहराई.
उन्होंने प्रशांत कुमार और सुधीर गुप्ता को जेएसएससी से तत्काल हटाने तथा मनोज कौशिक को सीआईडी के अपर पुलिस महानिदेशक पद से हटाने की मांग की. साथ ही अनुराग गुप्ता सहित संबंधित अध्यक्षों और अधिकारियों की स्वतंत्र जांच कराने की बात कही. कहा कि साक्ष्य मिलने पर दोषियों के खिलाफ गिरफ्तारी और अभियोजन की कार्रवाई होनी चाहिए. पत्रकार वार्ता में पार्टी के महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजेश शुक्ला और जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा भी मौजूद थे.
