अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में मौत, डिवाइडर से टकराई कार

लखनऊ 6 अगस्त

माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद की गुरुवार, 6 अगस्त को उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसे में उसके साथ मौजूद सोनू की भी जान चली गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा सुबह साढ़े 10 बजे हुआ.

अबान अहमद अपने दोस्तों के साथ झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था. इसी दौरान कानपुर-झांसी हाईवे पर पुंछ थाना क्षेत्र के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

हादसे के वक्त कार में कुल पांच लोग सवार थे. इनमें अबान अहमद और सोनू की मौके पर गंभीर चोटें आईं. दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. वहीं उमर अहमद, मोहम्मद जैद और असलम गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों को अस्पताल लेकर जाया गया जहां से उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया.

 

राहत और बचाव कार्य पुलिस ने शुरू कराया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

परिजनों और अतीक अहमद के करीबी रिश्तेदारों का दावा है कि कार के सामने अचानक एक जानवर आ गया था. उसे बचाने की कोशिश में चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार डिवाइडर से टकरा गई. हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक हादसे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

बता दें कि अतीक अहमद के पांच बेटे थे. इनमें से असद अहमद अप्रैल 2023 में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था. अली अहमद फिलहाल झांसी जेल में बंद है. उसे 1 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल से झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था. अतीक के दो अन्य बेटे अभी स्कूली शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं. अतीक की भी अप्रैल 2023 में हत्या कर दी गई थी.

Share this News...