बिष्टुपुर में स्कूली बच्चों से भरे सीएनजी ऑटो में लगी आग, बाल-बाल बचे बच्चे, सभी को सुरक्षित निकाला गया, जलकर राख हुआ ऑटो और स्कूल बैग

जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित पी एम मॉल गोलचक्कर के समीप बुधवार सुबह करीब सात बजे स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे एक सीएनजी ऑटो में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा ऑटो जलकर राख हो गया। घटना के समय ऑटो में कई स्कूली बच्चे सवार थे और चालक उन्हें स्कूल लेकर जा रहा था। इसी दौरान अचानक ऑटो से आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति को देखते हुए तत्काल सभी बच्चों को ऑटो से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।

बताया जाता है कि ऑटो में बच्चों के स्कूल बैग भी रखे हुए थे, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसके बाद टाटा अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों के अनुसार, ऑटो सीएनजी से संचालित था। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह रही कि घटना में सभी बच्चे और चालक सुरक्षित बच गए। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते बच्चों को बाहर निकाल लिए जाने से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

Share this News...