UPSC टॉपर IAS जागृति अवस्थी ने सरकारी अस्पताल में दिया बेटे को जन्म, पति IPS अध‍िकारी

देश की सबसे प्रतिष्ठित भारतीय प्रशासन‍िक सेवा की नौकरी और पति भी IPS अधिकारी! अमूमन ऐसी अफसर वाली जिंदगी में लोग महंगे प्राइवेट अस्पतालों का रुख करते हैं, लेकिन UPSC सीएसई 2020 की सेकंड टॉपर और सोनभद्र की मुख्य विकास अधिकारी आईएएस जागृति अवस्थी ने जो किया, उसने पूरे देश के सामने एक नई मिसाल पेश की है. आईएएस जागृति ने अपने पहले बच्चे को जन्म देने के लिए किसी न‍िजी अस्पताल को नहीं, बल्कि यूपी के सोनभद्र स्थित एक सरकारी अस्पताल को चुना. सोशल मीडिया पर लोग इसे ‘बदलते उत्तर प्रदेश की बदलती स्वास्थ्य सेवाओं’ की सबसे खूबसूरत तस्वीर बता रहे हैं.

यूपी के सोनभद्र जिले से आई एक खबर इस समय देश की सबसे चर्चित खबरों में से एक बनी हुई है. ज़िले की मुख्य विकास अधिकारी (CDO) आईएएस जागृति अवस्थी ने सरकारी अस्पताल (MCH विंग) में अपने बेटे को जन्म देकर यह साबित कर दिया है कि अगर नीयत साफ हो, तो सरकारी व्यवस्था पर भरोसा खुद-ब-खुद लौट आता है. आइए जानते हैं इस ऐतिहासिक फैसले के पीछे की पूरी कहानी और जागृति अवस्थी के अब तक के प्रेरणादायी सफर के बारे में.

IAS जागृति अवस्थी UPSC में महिला वर्ग की देश की टॉपर रहीं. पति गौरव पांडेय मध्य प्रदेश कैडर के वर्ष 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं.
सरकारी अस्पताल ही क्यों? खुद IAS जागृति ने बताई वजह

खास बातचीत में उन्होंने बताया क‍ि “मेरे इस फैसले से न केवल देश-प्रदेश की लाखों महिलाओं का सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा मजबूत होगा, बल्कि गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को भी यह संदेश जाएगा कि सरकारी अस्पतालों में मिलने वाली निःशुल्क सुविधाएं किसी भी निजी अस्पताल से कम नहीं हैं. इससे परिवारों पर इलाज के खर्च का अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी नहीं पड़ेगा.”

पावर कपल: पति भी हैं 2022 बैच के IPS अधिकारी

जागृति अवस्थी की यह मिसाल इसलिए भी बड़ी है क्योंकि उनका परिवार प्रशासनिक सेवाओं के सर्वोच्च शिखर पर है. खुद जागृति अवस्थी संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में अख‍िल भारतीय स्‍तर पर दूसरा स्‍थाना प्राप्‍त क‍िया. जागृति अवस्थी महिला वर्ग की देश की टॉपर रहीं. पति गौरव पांडेय मध्य प्रदेश कैडर के वर्ष 2022 बैच के आईपीएस (IPS) अधिकारी, जो वर्तमान में सतना जिले में एडिशनल एसपी (अपर पुलिस अधीक्षक) के रूप में तैनात हैं. दोनों की शादी साल 2025 में हुई थी.
नवंबर का महीना और दोगुनी हुईं खुशियां

नवंबर का महीना अवस्थी और पांडेय परिवार के लिए हमेशा से भाग्यशाली रहा है, लेकिन इस बार की खुशियां बेहद खास हैं. इस सुखद अवसर पर सोनभद्र के जिलाधिकारी (DM) चर्चित गौड़ और उनकी पत्नी आईएफएस (IFS) आरुषि मिश्रा ने एमसीएच विंग (मेटरनिटी एंड चाइल्ड हॉस्पिटल) पहुंचकर नवजात शिशु को आशीर्वाद दिया और दोनों परिवारों को बधाई दी.

सोनभद्र DM चर्चित गौड़ और उनकी पत्नी IFS आरुषि मिश्रा ने एमसीएच विंग मेटरनिटी एंड चाइल्ड हॉस्पिटल) पहुंचकर नवजात शिशु को आशीर्वाद दिया.

14 नवंबर 1996: आईएएस जागृति अवस्थी का जन्मदिन.
22 नवंबर 2025: गौरव पांडेय और जागृति अवस्थी की शादी की सालगिरह.
13 नवंबर 2026: जागृति के जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले उनके घर बेटे का जन्म हुआ, जिसने परिवार की खुशियों को दोगुना कर दिया.
जब ट्रैक्टर पर बैठकर सुदूर गांव पहुंच गईं CDO जागृति

सोनभद्र में 14 सितंबर 2024 को मुख्य विकास अधिकारी का पद संभालने वाली जागृति अवस्थी अपने लीक से हटकर काम करने के अंदाज़ के लिए जानी जाती हैं. पद संभालने के कुछ ही दिनों बाद, वे ट्रैक्टर पर बैठकर जिले के एक ऐसे बेहद पिछड़े और सुदूर गांव में विकास कार्यों का जायजा लेने पहुंच गई थीं, जहां आज तक कोई द्वितीय श्रेणी का कर्मचारी भी नहीं पहुंच पाया था. वह समाज सेविका सुधा मूर्ति और भक्ति शर्मा को अपना आदर्श मानती हैं और ग्रामीण व महिला विकास के लिए ग्राउंड जीरो पर काम करना चाहती हैं.
इंजीनियरिंग की नौकरी छोड़ी, मां-बाप ने 4 साल नहीं देखा TV

भोपाल की रहने वाली जागृति की संघ लोक सेवा आयोग की सिव‍िल सेवा परीक्षा में सफलता के पीछे कड़े संघर्ष की लंबी कहानी है.

Share this News...