सोनिया गांधी के मुताबिक, उनके देवर संजय गांधी की मुलाकात साल 1973 के आखिर में एक दोस्त की सगाई की पार्टी के दौरान मेनका आनंद से हुई थी। अपनी किताब में सोनिया ने मेनका को एक खूबसूरत और खुशमिजाज लड़की बताया है।
कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ 10 नवंबर को बाजार में आ गई है। इस किताब को हार्पर कॉलिन्स इंडिया ने पब्लिश किया है। इस किताब में सोनिया गांधी ने अपने निजी जिंदगी के तमाम किस्सों को साझा किया है, जो इससे पहले कभी बाहर नहीं आए। वहीं सोनिया ने अपनी किताब में मेनका के साथ अपने रिश्ते के शुरुआती दिनों से लेकर उनके घर छोड़ने तक की घटनाओं को याद किया है।
सामने आया ये वीडियो
बता दें कि, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनकी दोनों बहुओं सोनिया गांधी और मेनका गांधी के बीच समय के साथ दूरियां बढ़ती चली गईं। धीरे-धीरे यह पारिवारिक मनमुटाव खुलकर सामने आने लगा और एक बड़ा विवाद बन गया। कांग्रेस के इस चर्चित परिवार के आपसी रिश्ते एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में सामने आए 1980 के दशक के इस प्राइवेट वीडियो ने मेनका गांधी और नेहरू-गांधी परिवार के बाकी सदस्यों के बीच लंबे समय से चली आ रही दूरियों को फिर से चर्चा में ला दिया है। वीडियो में पूरा परिवार खाने की मेज पर बैठा दिखाई दे रहा है। इसमें इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी, बचपन के राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ मेनका गांधी भी नजर आ रही हैं।
वीडियो के आखिरी हिस्से में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और मेनका गांधी साफ दिखाई देती है। जबकि सोनिया गांधी परिवार के बीच काफी सहज नजर आती हैं। यह पुराना वीडियो ऐसे समय में सामने आया है, जब सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ भी चर्चा में है। उन्होंने बताया है कि शुरुआत में दोनों के बीच थोड़ी असहजता थी, लेकिन बाद में यह दूरी बढ़ती चली गई। खासकर संजय गांधी की मौत के बाद दोनों के रिश्तों में कड़वाहट और बढ़ गई और आखिरकार उनके बीच खुलकर मनमुटाव सामने आने लगा।
दोस्त की सगाई में संजय गांधी की मेनका से हुई थी मुलाकात
सोनिया गांधी के मुताबिक, उनके देवर संजय गांधी की मुलाकात साल 1973 के आखिर में एक दोस्त की सगाई की पार्टी के दौरान मेनका आनंद से हुई थी। अपनी किताब में सोनिया ने मेनका को एक खूबसूरत और खुशमिजाज लड़की बताया है। उस समय मेनका की उम्र 18 साल से कम थी। ऐसे में इंदिरा गांधी ने संजय से कहा था कि वह मेनका के 18 साल की होने तक शादी का इंतजार करें। जुलाई 1974 में दोनों की सगाई हुई और उसी साल सितंबर में एक नॉर्मल फंक्शन में उनकी शादी हो गई। इंदिरा गांधी ने इस मौके पर मेनका को साड़ी बनवाने के लिए कपड़ा भी गिफ्ट में दिया था। सोनिया गांधी ने उन शुरुआती दिनों को याद करते हुए लिखा है, ”मेनका खूब बातें करने वाली लड़की थीं। परिवार में छोटी बहू के आने से शुरुआत में घर का माहौल काफी खुशनुमा हो गया था।”
सोनिया के मुताबिक, प्रियंका गांधी अक्सर मेनका के कमरे में बैठकर उनसे कहानियां सुना करती थीं। हालांकि, परिवार में तनाव की शुरुआत ज्यादा देर तक छिपी नहीं रह सकी। धीरे-धीरे संजय गांधी और मेनका गांधी के रिश्तों में भी मतभेद सामने आने लगे।
बहुरानी और छोटी बहू के नाम पर बढ़ी दूरियां
सोनिया गांधी अपनी किताब में बताती हैं कि घर के कर्मचारी उन्हें ‘बहुरानी’ और मेनका गांधी को ‘छोटी बहू’ कहकर बुलाते थे। सोनिया के मुताबिक, वह दोनों को परिवार की बराबर की बेटियां मानती थीं, लेकिन उन्हें लगता है कि मेनका ने शायद ‘छोटी बहू’ कहे जाने को अपने अपमान के रूप में लिया। सोनिया ने यह भी बताया है कि संजय और मेनका के बीच मतभेद धीरे-धीरे साफ दिखाई देने लगे थे। उनके मुताबिक, जब मेनका नाराज होती थीं, तो वह अपनी सास इंदिरा गांधी के सामने भी ऐसे अपशब्द बोल देती थीं, जिन्हें परिवार में बोलने की इजाजत नहीं थी। इससे इंदिरा गांधी को शर्मिंदगी होती थी और घर के दूसरे लोग भी हैरान रह जाते थे।
सोनिया का मानना है कि एक ज्वाइंट फैमली में रहना किसी भी लड़की के लिए आसान नहीं होता, खासकर तब जब वह अपनी अलग पहचान रखती हो। आपातकाल के दौरान परिवार के अंदर तनाव और भी बढ़ गया था। सोनिया गांधी ने अपनी किताब में बताया है कि उस समय इंदिरा गांधी और मेनका गांधी के बीच भी कई बातों को लेकर मतभेद होने लगे थे।
मीडिया के सामने परिवार की बातें
सोनिया गांधी के मुताबिक, इंदिरा गांधी ने उस समय कैबिनेट सचिव पीएन धर से मेनका के बारे में कहा था, ”उसके अभी से पंख निकलने लगे हैं।” इंदिरा को लगता था कि मेनका, संजय गांधी को उनके कामों के लिए उकसाती थीं और कई मामलों में उनके काम में दखल भी देती थीं। वह संजय को शांत करने के बजाय उनका हौसला बढ़ाती थीं। साल 1977 में चुनाव हारने के बाद परिवार के भीतर तनाव और कड़वाहट बढ़ गई। सोनिया गांधी ने अपनी किताब में आपातकाल के दौरान हुई ज्यादतियों के लिए संजय गांधी को भी जिम्मेदार ठहराया है।
सोनिया ने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि संजय के कमरे में हुई बातचीत के दौरान राजीव गांधी ने अपने भाई से कहा था, ”मैं तुम्हें माफ नहीं कर सकता, संजय। तुमने मां को इस हालत में पहुंचा दिया है।” इस बातचीत में इंदिरा गांधी ने भी राजीव की बात का समर्थन किया था। किताब के मुताबिक, इसके बाद मेनका की परिवार के बाकी सदस्यों के प्रति नाराजगी और बढ़ गई थी। उनके मुताबिक, मेनका उन्हें और परिवार के दूसरे लोगों को अपना दुश्मन मानने लगी थीं। सोनिया ने आरोप लगाया है कि मेनका पत्रकारों के जरिए परिवार के बारे में कई तरह की खबरें भी फैलाती थीं।
आखिरी टकराव
सोनिया गांधी के मुताबिक, परिवार के बीच आखिरी बड़ा टकराव तब हुआ, जब मेनका गांधी ने लखनऊ में एक रैली में हिस्सा लिया। इस रैली का आयोजन उन लोगों ने किया था, जो इंदिरा गांधी के खिलाफ थे। उस समय इंदिरा गांधी लंदन में थीं। लंदन से लौटने के बाद इंदिरा गांधी ने मेनका से साफ कह दिया कि परिवार का सदस्य होने के नाते वह विरोधियों की राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा नहीं ले सकतीं। उन्हें दो विकल्प दिए गए। या तो वह ऐसी गतिविधियों से दूर रहें या फिर परिवार से अलग कहीं और रहने चली जाएं।
इसके जवाब में मेनका ने इंदिरा गांधी को एक पत्र लिखा, जिसमें कई आरोप लगाए गए थे। सोनिया गांधी का कहना है कि यह पत्र उनकी सास को चोट पहुंचाने के इरादे से लिखा गया था। सोनिया ने यह भी दावा किया कि मेनका ने घर छोड़ने की योजना कई हफ्ते पहले ही अपने एक पत्रकार दोस्त को बता दी थी। उनके मुताबिक, जिस तरह मीडिया की मौजूदगी में मेनका घर से बाहर निकलीं, उससे यह पारिवारिक मामला किसी तमाशे जैसा बन गया।
मार्च 1982 में मेनका गांधी अपने छोटे बेटे वरुण गांधी के साथ सफदरजंग रोड स्थित घर छोड़कर चली गईं। अगले ही दिन देश के बड़े अखबारों के पहले पन्ने पर मेनका की अपने छोटे बेटे के साथ घर छोड़ते हुए तस्वीरें छपी थीं। इसके बाद मेनका ने संजय विचार मंच नाम से अपना राजनीतिक संगठन बनाया। उन्होंने अमेठी से राजीव गांधी के खिलाफ चुनाव भी लड़ा। सोनिया गांधी के मुताबिक, इस दौरान मेनका ने उनके परिवार पर कई गलत आरोप लगाए।
