पटना : बिहार में एमएलसी चुनाव खत्म होते ही जेडीयू ने बड़ी कार्रवाई की है. पार्टी ने बागी विधायक अनंत सिंह को 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है. यही नहीं उनकी पत्नी नीलम देवी को भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है.
प्रदेश अध्यक्ष का एक्शन
जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने इस बाबत पत्र जारी किया है. पत्र में लिखा गया है कि विगत कुछ दिनों से लगातार पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करने, शीर्ष नेतृत्व के लिए अमर्यादित एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने और अभी-अभी सम्पन्न हुए विधान परिषद् चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार के विरुद्ध कार्य करने व दूसरे दल के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने के कारण अनंत कुमार सिंह की प्राथमिक सदस्यता रद्द की जाती है.
”उन्हें अगले छह (6) वर्षों के लिए जनता दल (यूनाइटेड) से निष्कासित किया जाता है. साथ ही, पार्टी माननीय अध्यक्ष, बिहार विधानसभा से भारतीय संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत विधानसभा सदस्य के रूप में उनकी सदस्यता अविलंब रद्द करने की अनुशंसा करती है.” -उमेश सिंह कुशवाहा,प्रदेश अध्यक्ष, जेडीयू
पत्नी पर भी गिरी गाज
इसी के साथ ही अनंत सिह की पत्नी नीलम देवी की प्राथमिक सदस्यता भी दलविरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण रद्द की जाती है और उन्हें भी पार्टी से छह वर्षों के लिए निष्कासित किया जाता है.
