रांची: झारखंड दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने वाले हैं. उनकी मौजूदगी में होने वाले इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है. आज से दो दिनों तक रांची के कांके स्थित हवेली बैक्वेट हॉल में आयोजित कार्यसमिति की बैठक को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन संबोधित करने वाले हैं.
दोपहर 2 बजे से आयोजित इस प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पहले जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों की बैठक हुई. इस बैठक में भी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मौजूद रहे. जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारियों की इस बैठक के जरिए भाजपा अध्यक्ष ने राज्य में संगठन की वास्तविक स्थिति और कमियों की जानकारी ली.
रांची के कांके रोड स्थित कार्यक्रम स्थल भाजपा के बैनर और झंडा से पटा हुआ है. ढोल नगाड़ों के बीच आकर्षक ढंग से सजे कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं को रजिस्ट्रेशन के बाद ही भीतर प्रवेश करने की अनुमति है. यहां राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जमकर स्वागत किया.
कार्यक्रम स्थल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे. दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति के दौरान भाजपा राजनीतिक प्रस्ताव के अलावे मिशन 2029 को लेकर रणनीति बनाई जायेगी.
