हजारीबाग में अधिवक्ता मौत ने खड़े कर दिए कई सवाल,पति की गिरफ्तारी की मांग, परिजनों ने शव लेने से किया इनकार

हजारीबाग: जिले के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगाली कॉलोनी के गुप्ता कॉम्प्लेक्स में 28 वर्षीय अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. 28 घंटे बीत जाने के बाद भी अनुष्का का अंतिम संस्कार नहीं हुआ है. परिजनों ने साफ किया है कि जब तक गिरफ्तारी नहीं होगी, अंतिम संस्कार भी नहीं होगा. स्थिति प्रतिकूल हुई तो घर के आंगन में ही अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा.
मृतक के पिता ने लगाया बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप

दरअसल, 22 अक्टूबर को कमरे से अनुष्का का शव मिला था. मृतक के पिता ने अपने दामाद कुशाग्र रुद्र पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि अनुष्का की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या हो सकती है. उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, साथ ही यह भी कहा कि अब अंतिम संस्कार आरोपी के घर में ही किया जाएगा.

सिस्टम पर सवालिया निशान

झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध मौत ने पूरे सिस्टम पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है. अब तक इस मामले के मुख्य आरोपी अनुष्का चक्रवर्ती के पति और ससुराल वाले की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है. ससुराल वाले ने इस घटना की सुध तक नहीं ली है. रामगढ़ विधायक ममता देवी, शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज पहुंचीं, जहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हर संभव मदद पहुंचाने का वादा किया.

घर के आंगन में होगा अंतिम संस्कार: परिजन

विधायक ने कहा कि परिजन और शुभचिंतकों की एक ही मांग है कि आरोपी की गिरफ्तारी जल्द से जल्द हो. जब तक गिरफ्तारी नहीं होगी, अंतिम संस्कार भी नहीं किया जाएगा. ममता देवी ने यह भी बताया कि परिजनों का कहना है कि स्थिति प्रतिकूल होगी, तो अंतिम संस्कार घर के आंगन में किया जाएगा.

एसपी कर रहे हैं मॉनिटरिंग

एसडीपीओ सदर रूपेश कुमार ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीम गठित की गई है. एसपी अमन कुमार पूरे मामले की खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं और बहुत जल्द गिरफ्तारी होगी. उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार करने की बात परिजनों पर निर्भर करती है.

अधिवक्ता की संदिग्ध मौत ने एक बार फिर महिला सुरक्षा महिला सम्मान पर सवाल खड़ा कर दिया है, तो दूसरी ओर आरोपियों का फरार होना भी कई सवाल खुद में खड़ा कर रहा है.

Share this News...