दुमका – शहर के सराय रोड में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। घटना पुराना सराय कुआं के पास की है, जहां वंदना जेनरल स्टोर के मालिक अशोक कुमार मोदी के घर से पुश्तैनी ज्वेलरी, सिक्के और नकदी चोरी होने की बात सामने आई है। हालांकि अभी पूरी तरह से यह आकलन नहीं किया गया है कि चोर कितने जेवरात और नकदी उड़ाया है। इस संबंध में रमण मोदी ने कहा कि रात में घर के सभी सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान चोर खिड़की का ग्रील काट कर घर के अंदर दाखिल हुए , उल्लेखनीय है कि चोरों ने कमरे को अन्दर से बन्द कर दिया था। उन्होंने कहा कि कमरे में रखी तीनों अलमारियों के लॉकर तोड़ कर जेवरात, नकदी और कीमती सामानों को लिया। सुबह जब परिवार के सदस्यों ने किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के लॉकर टूटे हुए थे।
परिवार के अनुसार, चोरी गए सामान में पुश्तैनी गहने, सिक्के और नकदी शामिल हैं। हालांकि शुरुआती अनुमान के मुताबिक चोरी हुए सामान की कीमत करीब 25 से 30 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाके में छानबीन करने के साथ ही चोरी के तरीके और संभावित सुरागों की जांच में जुटी है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही चोरी की वास्तविक रकम और घटना में शामिल आरोपियों का खुलासा हो सकेगा।
————————-
पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह
————————–
गौरतलब है कि उपराजधानी दुमका के शास्त्री नगर मुहल्ले में भी कुछ दिन पूर्व सेवा निवृत्त शिक्षक के घर पर भी लाखों की चोरी हुई थी, हालांकि उस मामले में ये जरमुंडी से एक संदिग्ध की गिरफ्तारी हुई है और चोरी किया गया टी वी और जरूरी कागजात बरामद किया गया लेकिन नकदी अभी तक नहीं मिला। अब बीच शहर में प्रतिष्ठित व्यवसाई के घर चोरों ने हाथ साफ कर पुलिस को चुनौती दी है। जांच जारी है।
