रांची: राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित चतरा रायफल शूटिंग क्लब में ट्रेनिंग लेने वाली बच्चियों के चेंजिंग रूम में कथित तौर पर मोबाइल कैमरे से वीडियो रिकॉर्ड किए जाने का मामला सामने आया है. मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए क्लब के ट्रेनर सचिन कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
बच्चियों ने अभिभावकों को दी थी जानकारी
चेंजिंग रूम में वीडियो रिकॉर्डिंग किए जाने की जानकारी ट्रेनिंग लेने वाली बच्चियों ने अपने अभिभावकों को दी थी. इसके बाद परिजनों ने क्लब में पहुंचकर हंगामा किया और मामले की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस की जांच में ट्रेनर सचिन कुमार की कथित संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
मोबाइल जांच में मिले आपत्तिजनक वीडियो
कोतवाली थाना के डीएसपी निखिल राय के मुताबिक, 4 अक्टूबर की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि रायफल शूटिंग क्लब में ट्रेनिंग के लिए आने वाली बच्चियां जब चेंजिंग रूम में जाती थीं, उस दौरान ट्रेनर द्वारा कथित तौर पर वीडियो रिकॉर्डिंग की जाती थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस क्लब पहुंची और आरोपी ट्रेनर को अपने साथ थाना ले आई. हालांकि, उस समय तक किसी अभिभावक की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण पुलिस आगे की कार्रवाई नहीं कर सकी थी.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
डीएसपी के मुताबिक, 5 अक्टूबर को अभिभावकों की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी ट्रेनर के मोबाइल फोन की जांच की. जांच के दौरान मोबाइल में कई आपत्तिजनक वीडियो पाए गए. इसके बाद पुलिस ने सचिन कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
आरोपी के मोबाइल की जांच कर रही पुलिस
पुलिस फिलहाल आरोपी ट्रेनर के मोबाइल फोन में मिले वीडियो की जांच कर रही है, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कब और किस उद्देश्य से रिकॉर्ड किए गए. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं.
