गिरिडीह में मॉब लिंचिंग! पुलिसवाले के बेटे को पीट-पीटकर मार डाला

गिरिडीह..

झारखंड के गिरिडीह जिले में खौफनाक घटना सामने आई है। यहां सड़क के किनारे स्थित प्रसिद्ध मैगी पॉइंट में कहासुनी के बाद 10 युवकों ने एक पुलिस अधिकारी के बेटे को कथित तौर पर बेतहाशा पीटा जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि 24 वर्षीय ऋतिक यादव बोकारो जिले में तैनात एक सहायक उप-निरीक्षक के बेटे थे।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) जीतवाहन उरांव ने बताया कि यादव गुरुवार रात दोस्तों के साथ बांदरकुपी स्थित भोजनालय में गए थे, जहां उनकी एक समूह के साथ तीखी बहस हो गई। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई और यादव की बुरी तरह पिटाई की गई। अधिकारी ने बताया कि यादव को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पूछताछ के लिए चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।
क्या है मामला

बता दें कि गुरुवार की रात लगभग 10:30 बजे मैगी खाने के लिए पुलिस पदाधिकारी का पुत्र ऋतिक यादव अपने साथियों के साथ बंदरकुप्पी में स्थित मैगी पॉइंट गया था. यहीं पर सतीश यादव से कहासुनी हुई. जिसके बाद सतीश ने अपने साथियों को बुलाया और ऋतिक के साथ उसके दोस्तों की पिटाई कर दी. ऋतिक को बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी जान चली गई.

“बंदरकुप्पी के पास मारपीट की घटना घटी है. इस घटना में ऋतिक यादव की जान चली गई. मामले को लेकर कई लोगों से पूछताछ की जा रही. पूछताछ के लिए कई लोगों को थाना लाया गया है. जल्द ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.” – जीतवाहन उरांव, एसडीपीओ
आजसू छात्र संघ से सतीश का जुड़ाव

इधर, बताया जाता है कि हत्याकांड में जिस सतीश यादव का नाम आया है, वह पीरटांड थाना इलाके के नावाडीह का रहने वाला है. सतीश पिछले दिनों तब चर्चे में आया था जब आजसू छात्र संघ की जिला कमेटी का पूर्णगठन किया गया था.

जानकारी के अनुसार, सतीश आजसू छात्र संघ का जिला उपाध्यक्ष है. ऐसे में पुलिस आजसू छात्र संघ के जिलाध्यक्ष अक्षय यादव को भी थाना लायी है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है.

अक्षय से सतीश के संदर्भ में पूछताछ की गई है. अक्षय ने बताया है कि सतीश आजसू छात्र संघ का जिला उपाध्यक्ष है. दूसरी तरफ सतीश समेत इस घटना में शामिल अन्य लोगों की खोज भी लगातार हो रही है. एक टीम सतीश को खोजने निकली है. इन सब के बीच घटना को लेकर अन्य तकनीकी सबूत भी एकत्रित करने में पुलिस की टीम जुटी है.

Share this News...