राघव के कार्यालय और आवास पर चार थानों की पुलिस ने मारा छापा निखार सबलोक हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, पुलिस को मिले अहम साक्ष्य

जमशेदपुर, 21 सितंबर (रिपोर्टर) : चर्चित निखार सबलोक हत्याकांड की जांच के सिलसिले में पुलिस ने सोमवार को मुख्य अभियुक्त बताए जा रहे अशोक सिंह राघव के सोनारी स्थित कार्यालय और आवास पर एक साथ छापेमारी की. कार्रवाई में चार थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम शामिल रही. जानकारी के अनुसार चांडिल, चौका, सोनारी और बिष्टुपुर थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की. पुलिस टीम ने कार्यालय और आवास के विभिन्न हिस्सों की तलाशी ली और मामले से जुड़े संभावित दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों तथा अन्य सामग्रियों की जांच की.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान जांच टीम को कुछ ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिन्हें निखार हत्याकांड की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. हालांकि, पुलिस ने बरामद सामग्री अथवा मिले साक्ष्यों की प्रकृति के संबंध में फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच अभी जारी है. साक्ष्यों को सार्वजनिक किए जाने से आगे की कानूनी कार्रवाई प्रभावित होने की आशंका के कारण पुलिस ने छापेमारी में मिली सामग्री और जांच से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी साझा करने से परहेज किया है.
बताया जा रहा है कि यह छापेमारी हत्याकांड की जांच प्रक्रिया का हिस्सा है. पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है और सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है. छापेमारी के बाद पुलिस टीम जांच से संबंधित आवश्यक सामग्री अपने साथ लेकर वापस लौटी. हालांकि, पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कार्रवाई के दौरान कौन-कौन से दस्तावेज, उपकरण या अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया आगे बढऩे के बाद ही बरामदगी तथा अन्य तथ्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ सकती है.

Share this News...