झारखंड के योगासन खिलाड़ियों ने थाईलैंड में जीते चार पदक

 

अंतरराष्ट्रीय एशिया पैसिफिक योगासन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन

जमशेदपुर : वर्ल्ड फेडरेशन फॉर योगासन स्पोर्ट्स (डब्ल्यूएफएफवाईएस) अंतरराष्ट्रीय एशिया पैसिफिक योगासन चैंपियनशिप-2026 में झारखंड के योगासन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है. प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में कुल चार पदक अपने नाम किए. प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया. इसके तहत अंडर-10 बालक वर्ग में रक्षित झा ने पारंपरिक तथा कलात्मक एकल योगासन स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया, वहीं अंडर-14 बालिका वर्ग में अनाभ्या आयशा ने पारंपरिक तथा कलात्मक एकल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता.
इसके अलावा अंडर-17 बालिका वर्ग में नंदिनी रॉय ने पारंपरिक तथा कलात्मक एकल योगासन स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया. महिला 40 से 50 आयु वर्ग में स्मिकी सरकार ने भी रजत पदक हासिल कर झारखंड की पदक तालिका में योगदान दिया.
डब्ल्यूएफएफ के अध्यक्ष अंशु सरकार ने सभी प्रतिभागियों एवं पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी. उन्होंने खिलाड़ियों के समर्पण, अनुशासन और कठिन परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय है. उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए निरंतर अभ्यास और कड़ी मेहनत जारी रखने का आह्वान किया. साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की कामना की.

Share this News...