घाटशिला, 28 अगस्त (रिपोर्टर): जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के लगातार प्रयास का परिणाम आखिरकार सामने आया. रेलवे ने घाटशिला स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण सुपरफास्ट ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी देकर क्षेत्रवासियों को रक्षाबंधन का बड़ा तोहफा दिया है. इस निर्णय से घाटशिला अनुमंडल एवं आसपास के हजारों यात्रियों में खुशी की लहर है.घाटशिला स्टेशन पर अब 12859/12860 मुंबई–हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस तथा 12129/12130 पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस का ठहराव होगा। यात्रियों की सुविधा को लेकर सांसद विद्युत वरण महतो लंबे समय से केंद्रीय रेल मंत्री, रेलवे बोर्ड के अधिकारियों, दक्षिण-पूर्व रेलवे के जीएम एवं डीआरएम से मुलाकात कर घाटशिला में महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग करते रहे हैं. सांसद के लगातार प्रयास के बाद रेलवे बोर्ड ने दोनों ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दी.गीतांजलि एक्सप्रेस के ठहराव से कोलकाता और मुंबई जाने वाले यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा. अब तक स्टील एक्सप्रेस के अलावा कोलकाता की ओर जाने के लिए यात्रियों के पास सीमित विकल्प थे. गीतांजलि एक्सप्रेस के ठहराव से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी. जानकारी के अनुसार गीतांजलि एक्सप्रेस सुबह 8:50 बजे घाटशिला स्टेशन पहुंचेगी.वहीं, पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस के ठहराव से पुणे जाने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. विशेष रूप से उच्च शिक्षा के लिए पुणे जाने वाले विद्यार्थियों के लिए यह ट्रेन काफी उपयोगी साबित होगी. इसके अलावा इस ट्रेन के माध्यम से नागपुर, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों एवं औद्योगिक क्षेत्रों तक आवागमन भी आसान होगा.गौरतलब है कि सांसद विद्युत वरण महतो के प्रयास से पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस और शालीमार–गोरखपुर एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव घाटशिला स्टेशन पर पहले से हो रहा है. इन ट्रेनों से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को प्रतिदिन लाभ मिल रहा है.इसके साथ ही सांसद के प्रयास से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत घाटशिला रेलवे स्टेशन के विकास एवं आधुनिकीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है. स्टेशन के विकसित होने के बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा घाटशिला के विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है.सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि यात्रियों की सुविधा उनकी प्राथमिकता है और आने वाले दिनों में घाटशिला स्टेशन पर अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव के लिए भी प्रयास जारी रहेगा.दो महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मंजूरी मिलने पर क्षेत्र के लोगों ने सांसद विद्युत वरण महतो के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इससे घाटशिला एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी.
