दोनों नदियों के जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ का खतरा, सुरक्षित स्थानों में लोगों का पहुंचना जारी

जमशेदपुर : जमशेदपुर में स्वर्णरेखा और खरकई नदी का जलस्तर एक बार फिर चिंता बढ़ा रहा है. चांडिल कॉम्प्लेक्स स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय के फ्लड सेल की ओर से 18 अगस्त 2026 की रात 10 बजे जारी दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, दोनों नदियां खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रही हैं और जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है. रिपोर्ट में निचले इलाकों को अलर्ट रखने की विशेष हिदायत दी गई है. फ्लड सेल की रिपोर्ट के मुताबिक, मानगो ब्रिज साइट पर स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 123.980 मीटर दर्ज किया गया, जबकि यहां खतरे का निशान 121.50 मीटर है. यानी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 2.48 मीटर (8.2 फ़ीट) ऊपर पहुंच चुका है. रिपोर्ट में नदी के जलस्तर के लगातार बढ़ने की प्रवृत्ति दर्ज की गई है.
इसी तरह आदित्यपुर ब्रिज साइट पर खरकई नदी का जलस्तर 135.700 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि यहां खतरे का निशान 129.00 मीटर है. इस तरह खरकई नदी खतरे के निशान से करीब 6.70 मीटर (22.4 फ़ीट) ऊपर बह रही है. रिपोर्ट में खरकई नदी के जलस्तर में भी लगातार वृद्धि होने की बात कही गई है.
फ्लड सेल ने स्पष्ट रूप से टिप्पणी की है कि दोनों नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और जलस्तर बढ़ने का सिलसिला जारी है. ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है. प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों द्वारा नदी किनारे और निचले क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है. स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे नदी के किनारे, जलजमाव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले पानी में जाने से बचें। संभावित खतरे को देखते हुए निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है. गौरतलब है कि हाल के दिनों में जमशेदपुर में भारी बारिश के कारण स्वर्णरेखा और खरकई दोनों नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है. पूर्व में भी दोनों नदियों के खतरे के निशान पार करने पर शहर के कई निचले इलाकों में बाढ़ और जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो चुकी है. फ्लड सेल की ताजा रिपोर्ट के बाद नदी तटवर्ती एवं निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है. प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं.
