जमशेदपुर : शहर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने लगा है. स्वर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर बढ़ने से मानगो के निचले इलाकों में पानी घरों में घुस गया है. कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे लोगों को आवागमन के साथ-साथ घरेलू सामान और आवश्यक वस्तुओं को सुरक्षित रखने में भी परेशानी हो रही है. मानगो के विभिन्न निचले इलाकों में बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर का असर साफ दिखाई दे रहा है. कई घरों में पानी प्रवेश करने से परिवारों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. लोगों का कहना है कि जलजमाव के कारण घरों में रखा सामान भी प्रभावित हुआ है और लगातार बारिश जारी रहने से स्थिति और बिगड़ने की आशंका बनी हुई है.
वहीं, बागबेड़ा क्षेत्र में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में नालियों का पानी घरों में प्रवेश कर गया है. इससे लोगों को गंदे पानी के बीच रहने की मजबूरी है. घरों में पानी घुसने से घरेलू सामान को नुकसान पहुंचने के साथ ही संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा भी बढ़ गया है. बागबेड़ा महानगर विकास समिति के अध्यक्ष सह जिला भाजपा नेता सुबोध झा ने जिला प्रशासन से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि बारिश और जलजमाव से प्रभावित परिवारों की स्थिति को देखते हुए प्रशासन को बिना किसी देरी के राहत सामग्री उपलब्ध करानी चाहिए. सुबोध झा ने कहा कि कई परिवारों के घरों में पानी घुसने के कारण उनके घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचा है. ऐसे परिवारों को तत्काल खाद्य सामग्री, पीने का स्वच्छ पानी, आवश्यक दवाएं और अन्य जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने की जरूरत है. उन्होंने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में राहत दल भेजकर स्थिति का जायजा लेने और जरूरतमंद परिवारों की सूची तैयार करने का भी आग्रह किया.
उन्होंने कहा कि निचले इलाकों में जल निकासी की व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाना चाहिए. जहां नालियों का पानी घरों में प्रवेश कर रहा है, वहां तत्काल पंप लगाकर पानी निकालने तथा नालियों की सफाई कराने की जरूरत है. सुबोध झा ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से अपील की कि स्वर्णरेखा के बढ़ते जलस्तर और लगातार बारिश को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा प्रभावित परिवारों को समय पर राहत पहुंचाई जाए. उन्होंने कहा कि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से लोगों को बड़ी परेशानी से बचाया जा सकता है.
