–दुमका – झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्र शुक्रवार को विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल फौजदारी दरबार बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचीं । बाबा बासुकीनाथ दरबार में उन्होंने भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की। इस दौरान संताल परगना डीआईजी अंबर लकड़ा और दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार तथा पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष मनोज पंडा ने डीजीपी तदाशा मिश्र को बाबा बासुकीनाथ की स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
पूजा अर्चना के बाद डीजीपी तदाशा मिश्र ने बाबा बासुकीनाथ धाम में लगने वाले श्रावणी मेला क्षेत्र में तैयारियों का जायजा लिया । उसके बाद दुमका पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में संथाल परगना जिले के एसपी और वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की। मौके डीजीपी ने बताया कि इस वर्ष श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं । इसे लेकर देवघर एवं बासुकीनाथ के संपूर्ण मेला क्षेत्र में एआई तकनीक का इस्तेमाल कर मेला क्षेत्र की निगरानी की जाएगी ।
उन्होंने बताया कि बासुकीनाथ धाम आने वाले कांवरियों को किसी प्रकार की कोई परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसे लेकर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी । साथ ही ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरे की मदद से श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर नजर रखी जाएगी ।
