ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से शिक्षिका की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

सोनुवा संवाददाता, 29 जून।
सोनुवा थाना क्षेत्र स्थित एनएच 320 डी के निश्चितपुर मैदान व शिशु मंदिर के सामने स्कूल जा रही एक शिक्षिका को पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने कुचल दिया। इस घटना में निश्चिंतपर गांव की शिक्षिका वंदना महतो 23 वर्ष गम्भीर रुप से घायल हो गई। इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा ले जाते समय रास्ते में एम्बूलेंस में हो गई। घटना सोमवार सुबह करीब नौ बजे की बतायी जा रही है। शिक्षिका एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय सोनुवा में कार्यरत थी। शिक्षिका वंदना महतो की मौत की खबर पाकर सोमवार दोपहर करीब बारह बजे गुस्साए ग्रामीणों ने निश्चिंतपुर के पास एनएच 320डी को पूरी तरह जाम कर दिया। जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतार लग गई। घटना की सूचना मिलने पर सोनुवा पुलिस जाम स्थल पहुंच कर ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटाने के प्रयास में लगी हुई थी।पुलिस ट्रैक्टर ट्रॉली की खोज में लगी है। बताया जाता है कि सुबह करीब नौ बजे शिक्षिका वंदना महतो घर से स्कूल जा रही थी। सीसीटीवी फूटेज के मुताबिक वह सड़क किनारे पैदल चल रही थी। शिशु मंदिर के सामने पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने शिक्षिका को पीछे से धक्का मार दिया। जिससे वह गम्भीर रुप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए सीएचसी सोनुवा ले जाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एम्बूलेंस से चाईबासा ले जाया जा रहा था। रास्ते में उसकी मौत हो गई।

Share this News...