टाटा स्टील टिनप्लेट डिवीजन कर्मचारियों का 7 वर्षों के लिए ग्रेड रिवीजन, वेतन में ₹18 से 19 हजार तक बढ़ोतरी

जमशेदपुर: टाटा स्टील टिनप्लेट डिवीजन के कर्मचारियों के लंबित ग्रेड रिवीजन को लेकर प्रबंधन और यूनियन के बीच चल रही वार्ताओं के बीच आखिरकार समझौता हो गया है। टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन ने कर्मचारियों के लिए 7 वर्षों का ग्रेड रिवीजन कराने में सफलता हासिल की है।

समझौते के तहत पुराने ग्रेड के कर्मचारियों के वेतन में लगभग ₹19,000 प्रतिमाह तथा नए ग्रेड के कर्मचारियों के वेतन में करीब ₹18,100 प्रतिमाह की वृद्धि होगी। लंबे समय से ग्रेड रिवीजन का इंतजार कर रहे कर्मचारियों में इस समझौते को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, ग्रेड रिवीजन को लेकर प्रबंधन और यूनियन के बीच कई दौर की बातचीत हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। यूनियन नेतृत्व ने इसे कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
इधर, टाटा स्टील के कलिंगानगर संयंत्र के कर्मचारियों के ग्रेड रिवीजन को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, कलिंगानगर यूनियन के पदाधिकारी इस संबंध में चर्चा के लिए जमशेदपुर पहुंच चुके हैं। संभावना जताई जा रही है कि वहां के कर्मचारियों के ग्रेड रिवीजन पर भी जल्द फैसला लिया जा सकता है।
कर्मचारियों के बीच अब कलिंगानगर इकाई के ग्रेड रिवीजन को लेकर भी उत्सुकता बनी हुई है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।

Share this News...