नोवामुंडी संवाददाता,17 मई :
जेटेया थाना क्षेत्र के लतार कुन्दरीझोर गांव में शनिवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक होंडा साइन बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े आम के पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान दौन सिंह सिरका, निवासी ग्राम हमसदा, थाना जेटेया के रूप में हुई है। वहीं, घायल आकाश सिरका, निवासी हमसदा तथा सुंदर बोबोंगा, निवासी बड़ा पासेया को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल इलाज के लिए नोवामुंडी टाटा अस्पताल भेजा गया, जहां दोनों का उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार,
घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक काफी तेज गति में थी। देर रात होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बाइक सीधे सड़क किनारे स्थित आम के पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे।
घटना की सूचना मिलते ही जेटेया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इस संबंध में जेटेया थाना प्रभारी बोअस मुंडु ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है तथा दो अन्य घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
