तेल बचाने की अपील के बाद एक्शन में पीएम मोदी, अब सिर्फ 2 गाड़ियों का काफिला, अमित शाह समेत कई सीएम ने घटाया वाहनों का काफिला

प्रधानमंत्री ने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या को काफी कम कर दिया है
नई दिल्ली: देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद एक बड़ी मिसाल पेश की है। प्रधानमंत्री ने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या को काफी कम कर दिया है। जहां आमतौर पर पीएम के काफिले में 12 से 15 वाहन नजर आते थे, वहीं अब वह सिर्फ दो गाड़ियों के साथ चलते दिखाई दिए। इस कदम को ऊर्जा संरक्षण और सादगी की दिशा में बड़ा संदेश माना जा रहा है।

सुरक्षा बरकरार, लेकिन काफिला हुआ छोटा

दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेहद छोटे काफिले में नजर आए। जानकारी के मुताबिक, SPG प्रोटोकॉल के तहत जरूरी सुरक्षा इंतजाम बनाए रखते हुए वाहनों की संख्या घटाई गई है। अब काफिले में एक गाड़ी में प्रधानमंत्री रहते हैं, जबकि दूसरी गाड़ी में SPG और सुरक्षा कर्मी मौजूद रहते हैं।

पीएम मोदी का देशवासियों को बड़ा संदेश

प्रधानमंत्री मोदी पहले भी कई बार सार्वजनिक मंचों से ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग की अपील कर चुके हैं। इस बार उन्होंने खुद अपने काफिले को छोटा कर यह संदेश देने की कोशिश की है कि बदलाव की शुरुआत नेतृत्व से होनी चाहिए। वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट और बढ़ती चुनौतियों के बीच इस पहल को प्रतीकात्मक लेकिन प्रभावशाली कदम माना जा रहा है।

मोदी जी की इस पहल से प्रेरणा लेते हुए, मैं भी अपने काफिले की गाड़ियां कम कर रहा हूं और ऊर्जा संरक्षण की दिशा में कई अन्य कदम उठा रहा हूं। आइए हम सब मिलकर संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करें और राष्ट्रहित में अपना योगदान सुनिश्चित करें।

 गृह मंत्री अमित शाह समेत यूपी-राजस्थान, दिल्ली के सीएम ने घटाया वाहनों का काफिला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘ईंधन बचाओ’ अपील के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी अपने काफिले का आकार घटाकर आधे से भी कम कर दिया। वहीं, भाजपा शासित राज्यों ने प्रधानंमत्री की अपील का अनुसरण करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली के मुख्यमंत्री ने अपने काफिले का आकार घटा दिया है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। रेखा गुप्ता ने एक्स पर लिखा, “माननीय प्रधानमंत्री ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के मद्देनज़र देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की बचत करने तथा ऊर्जा संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया है।”

सीएम रेखा गुप्ता ने लिखा कि माननीय प्रधानमंत्री जी की इस महत्वपूर्ण अपील को आत्मसात करते हुए विभागीय कामकाज हेतु वाहनों की संख्या

सीमित करने का निर्णय लिया है। मैं और मेरे सभी कैबिनेट सहयोगी, भारतीय जनता पार्टी के सभी विधायक, जनप्रतिनिधि, दिल्ली सरकार के

अधिकारी एवं सभी विभाग भी आवश्यकता के अनुरूप न्यूनतम वाहनों का उपयोग करेंगे तथा कारपूल और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देंगे।

रेखा गुप्ता ने आगे लिखा कि ऊर्जा संरक्षण राष्ट्रहित से जुड़ा दायित्व है। दिल्ली सरकार ईंधन संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए

पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मैं सभी दिल्लीवासियों से आग्रह करती हूँ कि वे भी माननीय प्रधानमंत्री जी की इस आह्वान का पालन करते

हुए ऊर्जा संरक्षण के इस राष्ट्रीय प्रयास में सहभागी बनें।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपील

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद कहा कि मुख्यमंत्री व मंत्रियों आदि की फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत की कमी की जाए। इतना ही नहीं उन्होंने वर्क फ्रॉम होम की संस्कृति को प्राथमिकता देने की अपील की।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने मुख्य सचिव, डीजीपी, सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव के साथ एक हाईलेवल मीटिंग की। इस मीटिंग में मुख्यमंत्री ने हफ्ते में एक बार नो व्हीकल डे ​​​​मनाने का भी सुझाव दिया और मंत्रियों, सांसदों और विधायकों सहित जन प्रतिनिधियों से हफ्ते में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने का आग्रह किया।

उत्तर प्रदेश सरकार एक नई सलाह तैयार कर रही है। इसमें उद्योगों, स्टार्टअप्स और बड़े दफ्तरों से कहा जाएगा कि जहां संभव हो, वे कर्मचारियों को हफ्ते में कम से कम दो दिन वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि यात्रा और ईंधन की खपत कम करने के लिए मीटिंग, सेमिनार, और वर्कशॉप ऑनलाइन आयोजित की जाएं।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने क्या कहा?

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को कहा कि वह अपने काफिले में वाहनों की संख्या सीमित कर रहे हैं। उनका यह निर्णय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नागरिकों से पेट्रोलियम उत्पादों की खपत कम करने और विदेशी मुद्रा भंडार बचाने की अपील के दो दिन बाद आया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया युद्ध के बीच वैश्विक व्यवधानों और चुनौतियों का सामना करने में देश की मदद के लिए जनता की सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया था।

रविवार को हैदराबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने नागरिकों से यथासंभव सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने, इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) का उपयोग बढ़ाने, कोविड-काल के उपायों जैसे कि वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था और वर्चुअल बैठकों को फिर से शुरू करने, एक वर्ष के लिए गैर-जरूरी विदेशी यात्रा और सोने की खरीद से बचने और स्थानीय वस्तुओं को प्राथमिकता देने जैसे उपायों का आग्रह किया था।

मंगलवार देर रात मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यालय ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या न्यूनतम रखने का निर्णय लिया है और अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह काफिले में अनावश्यक वाहनों का उपयोग न करें। मुख्यमंत्री को अपने काफिले में पांच वाहनों के साथ यात्रा करते देखा गया।

इसके अतिरिक्त, मुख्य सचिव सहित नौकरशाहों और जन प्रतिनिधियों के लिए भी इसी तरह के निर्देश जारी किए गए हैं। जिसमें मुख्यमंत्री ने उनसे पेट्रोल और डीजल बचाने के लिए अपने काफिले में वाहनों की न्यूनतम संख्या का उपयोग करने को कहा है।

Share this News...