जमशेदपुर, 11 मई (रिपोर्टर) : मानगोवासियों की समस्या सुनने के लिये आज बिष्टुपुर तिलक पुस्तकालय (कांग्रेस कार्यालय) में मेयर सुधा गुप्ता की पहल पर जनता दरबार लगाया गया. इसके लिये मानगो निवासियों को बिष्टुपुर तक का सफर तय करना पड़ा. इस भीषण गर्मी में किसी ने अपने वाहन तो किसी ने भाड़े के वाहन पर बिष्टुपुर पहुंचकर ‘मैडम’ के समक्ष अपनी समस्याएं रखी. जनता दरबार की अध्यक्षता कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने की.
इसके अलावा जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने मेयर का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि वर्कर्स कॉलेज में स्नातक की पढ़ाई आर्ट्स, विज्ञान विषय की बंद हो गई है, जिसे अविलंब हस्तक्षेप कर प्रारंभ कराने की आवश्यकता है. सुझाव दिया कि स्वर्णरेखा घाट भुईयाडीह में अंतिम संस्कार के बाद अस्थि विसर्जन के लिए घाट का निर्माण की भी जरुरत है. इसके अलावा होलसेल मार्केट का निर्माण, कचरा उठाव एवं निस्तारण, सडक़, पानी, बिजली, साफ-सफाई, पर्यटन, नदी सौंदर्यीकरण, गंदा पानी ट्रीटमेंट प्लांट, पेवर ब्लॉक सडक़ सहित अन्य विषय भी संज्ञान में लाए गए.
भाजपा नेता नीरज सिंह उठा चुके हैं सवाल
मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता द्वारा अपने आवास का पता अधिकारिक रुप से मानगो दर्ज कराने को दिखावा करार देते हुए इसपर भाजपा नेता नीरज सिंह व मेयर प्रत्याशी रहीं संध्या सिंह पूर्व में सवाल उठा चुके हैं. उनका आरोप था कि उनके द्वारा दिये गये पते में मेयर नहीं रहती हैं, जो मानगोवासियों के साथ धोखा है. आज का जनता दरबार का आयोजन मानगो में न होकर बिष्टुपुर में करने पर भी तरह-तरह की चर्चा लोगों में होती रही. हालांकि नीरज-संध्या सिंह द्वारा उपरक्त सवाल उठाने के बाद उक्त पतेवाले घर में बैठक कर उसकी तस्वीर सोशल मीडिया में साझा की गई थी.
