रेल मंत्री सहित बोर्ड के अधिकारियों का जताया आभार
जमशेदपुर, 6 मई (रिपोर्टर) : कोल्हान क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है कि टाटानगर से जयपुर के बीच सीधी ट्रेन सेवा की बहुप्रतीक्षित मांग आखिरकार पूरी हो गई है. इस संबंध में जानकारी देते हुए सांसद बिद्युत बरण महतो ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. उनके अनुसार रेलवे बोर्ड के कार्यपालक निदेशक (जन शिकायत) विकास जैन ने उन्हें सूचित किया कि टाटा से जयपुर के लिए सीधी ट्रेन चलाने का प्रस्ताव स्वीकृत हो गया है. इस संबंध में केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी अधिकारियों को सांसद को जानकारी देने का निर्देश दिया था. बताया गया कि यह नई ट्रेन सेवा संतरागाछी से शुरू होकर टाटानगर होते हुए सीधे जयपुर तक जाएगी. टाटानगर स्टेशन को इस सेवा में विशेष महत्व दिया जाएगा. रेलवे अधिकारियों ने यात्री उपलब्धता (ऑक्यूपेंसी) को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन की शुरुआत संतरागाछी से करने का निर्णय लिया है.
सांसद महतो ने बताया कि वे वर्ष 2014 से इस ट्रेन सेवा को शुरू कराने के लिए प्रयासरत थे. इसके लिये कई बार पुरुषोत्तम एक्सप्रेस को जयपुर तक विस्तार देने और हावड़ा-जोधपुर ट्रेन को टाटानगर होकर चलाने का प्रस्ताव भी रखा था, लेकिन विभिन्न कारणों से मामला लंबित था. अब इस नई सेवा के मंजूर होने से जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र के राजस्थान मूल के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. रेलवे बोर्ड ने संकेत दिया है कि इस ट्रेन का विस्तृत टाइम टेबल जल्द ही जारी किया जाएगा. सांसद महतो ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे बोर्ड के अधिकारियों तथा दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक सहित सभी संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है.बोर्ड ने बकायदा इस नई ट्रेन (संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस) की समय-सारिणी (टाइम टेबल) और स्टॉपेज की सूची भी जारी कर दी है। हालांकि, इसका नियमित परिचालन किस तारीख से शुरू होगा, इसकी विधिवत घोषणा जल्द ही की जाएगी।

