मनोहरपुर / गोइलकेरा संवाददाता: कोल्हान के रुटुगुटु जंगलों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच बुधवार तड़के करीब 4:30 बजे मुठभेड़ शुरू हुई, जिसमें एक लाख रुपये का इनामी नक्सली इजराइल पुर्ती उर्फ अमृत पुर्ती (सासंगसाल, सांगाजाटा निवासी) मारा गया।
सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ स्थल से हथियारों के साथ-साथ नक्सलियों की बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की है। बताया जा रहा है कि मारा गया नक्सली कम उम्र में ही संगठन से जुड़ गया था और लंबे समय से सक्रिय था। जानकारी के अनुसार, लगातार सुरक्षा अभियानों के बाद नक्सलियों ने सारंडा क्षेत्र से हटकर कोल्हान के जंगलों को अपना नया ठिकाना बना लिया था। वर्ष 2020 से 2023 के बीच इस इलाके को उन्होंने ट्रेनिंग सेंटर और सुरक्षित ठिकाने के रूप में विकसित किया था। मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में सामान मिलने के बाद यह आशंका जताई जा रही है कि नक्सली किसी बड़े हमले की योजना बना रहे थे। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और अन्य नक्सलियों के मारे जाने की संभावना से जताई जा रही है। सांगाजाटा गांव को लंबे समय से नक्सलियों का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है, जिस कारण सुरक्षा बलों की इस क्षेत्र पर लगातार नजर बनी रहती है। सूत्रों के मुताबिक, कुख्यात इनामी नक्सली सागेन अंगारिया अब भी सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर है। उसकी तलाश में लगातार अभियान चलाया जा रहा है और माना जा रहा है कि वह अभी भी क्षेत्र में सक्रिय रहकर नक्सली नेटवर्क को संचालित करने की कोशिश कर रहा था।
