जमशेदपुर, 22 फरवरी (रिपोर्टर): जुगसलाई नगर परिषद के चेयरमैन पद को लेकर सोमवार को होने वाले चुनाव से पूर्व रविवार की शाम एक और नया समीकरण बन गया. चुनाव में अध्यक्ष पद की उम्मीदवार शैलेन्दर सिंह की पत्नी बलजीत कौर ने आज अध्यक्ष पद की दूसरी भाजपा समर्थित उम्मीदवार रिंकू सिंह के समर्थन में आकर चुनाव से अलग होने की घोषणा की. वहीं चेयरमैन पर की एक अन्य उम्मीदवार इंदू देवी ने भी चुनाव से अलग होने की घोषणा की. उन्होंने उम्मीदवार रिंकू सिंह के पक्ष में समर्थन देने की बात कही.
सरदार शैलेन्दर सिंह की पत्नी बलजीत कौर ने कहा कि समाज हित में व जुगसलाई के विकास को ध्यान में रखते हुए सिखों ने जैसे पहले कुर्बानी दी थी वैसे ही पुन: आज हम हिन्दु समाज की रक्षा के लिए अपनी कुर्बानी दे रही हैं.
उल्लेखनीय है कि मो हिदायतुल्लाह खान की धर्म पत्नी नौशीन खान के समर्थन में नीलोफर द्वारा चुनाव से अलग होने की प्रतिक्रिया में जुगसलाई में गोलबंदी तेज हो गई है।
