RCS की वैधता खत्म .संकट में जमशेदपुर की हवाई कनेक्टिविटी, INDIAone Air सेवा बंद होने की आशंका –
जमशेदपुर : जमशेदपुर से कोलकाता और भुवनेश्वर के बीच संचालित होने वाली INDIAone Air की हवाई सेवाएं बंद होने के कगार पर पहुंच गई हैं। कंपनी ने संकेत दिए हैं कि केंद्र सरकार की रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम (RCS) की वैधता समाप्त होने के कारण इन उड़ानों का संचालन आगे संभव नहीं रह पाएगा।
INDIAone Air द्वारा कर्मचारियों को भेजे गए ईमेल के अनुसार, यदि RCS स्कीम का समय रहते विस्तार नहीं किया गया तो 31 जनवरी से जमशेदपुर–कोलकाता और 28 फरवरी से जमशेदपुर–भुवनेश्वर की उड़ानें बंद कर दी जाएंगी।
कंपनी का कहना है कि RCS समाप्त होने के साथ ही सोनारी एयरपोर्ट पर टाटा कंपनी द्वारा दी जा रही आर्थिक रियायतों का समझौता भी खत्म हो जाएगा। ऐसे में बिना सरकारी और कॉरपोरेट सहयोग के उड़ानों को जारी रखना व्यावहारिक नहीं होगा।
इस स्थिति को देखते हुए INDIAone Air ने टाटा स्टील के मैनेजिंग डायरेक्टर टी. वी. नरेंद्रन से आग्रह किया है कि जमशेदपुर की हवाई कनेक्टिविटी बनाए रखने के लिए कंपनी को मिल रही रियायतें आगे भी जारी रखी जाएं। साथ ही, जब तक धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का स्थायी समाधान नहीं निकलता, तब तक सोनारी एयरपोर्ट के रनवे के विस्तार की मांग भी रखी गई है, ताकि एटीआर विमानों का संचालन दोबारा शुरू हो सके।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए टाटा स्टील के एमडी टी. वी. नरेंद्रन ने आश्वासन दिया कि यदि केंद्र सरकार जमशेदपुर के लिए RCS स्कीम का विस्तार करती है, तो टाटा कंपनी पहले की तरह लैंडिंग चार्ज, पार्किंग चार्ज और टर्मिनल मैनेजमेंट से जुड़े खर्च वहन करती रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि
सोनारी एयरपोर्ट के रनवे विस्तार को लेकर तकनीकी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दे दिए गए हैं।
