रांची,5 मई : बारिश से रांची सहित पूरे झारखंड में गर्मी से राहत है। रांची और हजारीबाग में ओले पड़े हैं और बारिश भी हुई है। इस वजह से मौसम में ठंडक आ गई है। ऐसी स्थिति 7 मई तक रहेगी। छह मई से अंडमान के सटे क्षेत्र में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जो आठ मई तक अति गंभीर निम्न दबाव का क्षेत्र बनेगा और यह डीप डिप्रेशन बनकर तूफान का रूप लेगा।
श्रीलंका ने इस तूफान का नाम असन्नी रखा है। इसका अर्थ प्रकोप होता है। असन्नी का उत्तर-पश्चिमी दिशा की ओर बढऩे की संभावना है, जिसके असर से झारखंड में तेज हवा और वज्रपात के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अभी पंजाब से बांग्लादेश तक एक टर्फ लाइन गुजरी है। इसी वजह से रांची सहित झारखंड में मौसम बदला है, जिससे बादल के साथ बारिश भी हो रही है। टर्फ लाइन लो प्रेशर सिस्टम बनने का सूचक है। यह अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी के साथ दोनों ओर से हवाएं खींचती है और जिधर से गुजरती है, वहां बारिश करती है।
अगले 10 दिनों तक रुक-रुककर होगी बारिश
भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 15 मई तक प्री मॉनसून की रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। आठ मई से साइक्लोन का असर झारखंड पर रहेगा। इसके बाद भी बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर बनने की संभावना है। इन सभी कारणों से बारिश की संभावना जताई गई है।