2014 के घोषणा पत्र की 90 प्रतिशत बातें पूरी हुईं-रघुवर दास

रांची. 27 नवंबर इएमएस झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने बुधवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 2014 विधानसभा चुनाव के दौरान जारी घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा करने का दावा किया। इस दौरान उन्होंने पांच साल के सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र हमारे लिए गीता, कुरान और बाइबिल की तरह पवित्र ग्रंथ है। घोषणा पत्र के लोकार्पण के दौरान केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और अर्जुन मुंडा भी मौजूद रहे।
2014 में सरकार बनने के छह महीने के भीतर परिभाषित की स्थानीय नीति: रघुवर दास
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में भाजपा सरकार ने जनता से जो भी वादा किया था, वो सब पूरा करने का प्रयास किया। हमने संकल्प किया था कि राज्य से भ्रष्टाचार खत्म करेंगे, ट्रांसफर-पोस्टिंग उद्योग बंद करेंगे और हमने अपनी सरकार में इसे बंद कर दिया। हमारी सरकार ने बालिकाओं का जीवन सुंदर बनाने के लिए मुख्यमंत्री सुकन्या योजना शुरू की। भाजपा सरकार का संकल्प था कि महिलाओं का सशक्तिकरण करना है। हमने मध्यान्ह भोजन योजना, रेडी टू ईट को तैयार करने, पैकिंग करने और आंगनवाड़ी तक पहुंचाने का काम प्रदान करेंगे और हमने यह कर दिखाया और आज यह काम राज्य की सखी मंडल कर रही हैं। हमने वादा किया था कि अचल संपत्ति की रजिस्ट्री में महिलाओं को विशेष छूट दी जाएगी। हमने यह कर दिखाया और 50 लाख रुपए तक की संपत्ति की रजिस्ट्री महिलाओं के नाम एक रुपए में हो रही है।

भाजपा सरकार किसानों के विकास के लिए प्रतिबद्ध: रघुवर
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार, किसानों के सम्यक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। डबल इंजन की सरकार के कारण जहां प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 6 हजार रुपए और हमारी मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत पांच एकड़ तक 25 हजार रुपए सरकार दे रही है। हमारी सरकार का संकल्प था कि आदिवासी युवक-युवतियों के लिए परीक्षा की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी। हमारी सरकार ने आकांक्षा के तहत आदिवासी गरीब बच्चों को कोचिंग करने की व्यवस्था की। झारखण्ड की नामधारी पार्टियां और कांग्रेस स्थानीय नीति के नाम पर 14 वर्ष से हमारे बच्चे-बच्चियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करती रही। भाजपा की अर्जुन मुंडा की सरकार गिराकर ये सरकार में आए पर स्थानीय नीति पर कुछ नहीं किया। हमारी बहुमत की सरकार आई और हमने छह माह में स्थानीय नीति को परिभाषित कर समूह ग व घ की नौकरियों को स्थानीय लोगों के लिए आरक्षित किया।

प्रत्येक नागरिक को समान अवसर मिले, ये हमारी नीति: अर्जुन मुंडा
घोषणा पत्र जारी होने के दौरान मौजूद केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि संकल्प पत्र के माध्यम से हम सबने आने वाले वर्षों में जनता के बीच इस संकल्प को दोहरा रहे हैं कि राज्य को समग्र दृष्टि के साथ आगे बढ़ाएंगे। 2014 से 2019 के कालखण्ड में भाजपा सरकार ने विकास के कार्यों को धरातल पर उतारते हुए आने वाले दिनों का संकल्प लिया है कि हम इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि राज्य की जनता की मानवीय आकांक्षा, इच्छा के अनुरूप खरा उतरें। भाजपा के लिए सदा देश प्रथम और देश की जनता शासन में सबसे आगे, ऐसी भावना रही है। हमारी नीति है कि प्रत्येक नागरिक को समान अवसर मिल सकें। भारतीय जनता पार्टी अंत्योदय के चिंतन को अपने संकल्पों के माध्यम से पूरा करेगी। देश के सभी राज्यों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक है कि भाजपा की सरकार बने। उन्होंने कहा कि हम विकासशील राष्ट्र हैं इसलिए हमारी यात्रा लगातार चलती रहेगी, जब तक कि हम विकसित नहीं बन जाते और इसमें राज्यों की बड़ी भूमिका है। इसी उद्देश्य के साथ झारखंड की जनता का यह संकल्प हमने तैयार किया है और जनता के साथ मिलकर जन अपेक्षाओं को पूरा करेंगे।

अबकी बार 65 पार के लिए कार्यकर्ता और समर्थक कर रहे काम: लक्ष्मण गिलुवा
झारखंड भाजपा के अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व के लक्ष्य अबकी बार 65 पार के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता और समर्थक पूरे मनोयोग से कार्य कर रहे हैं। हमें विश्वास है कि 2019 में भाजपा की और मजबूत सरकार बनेगी। हमारी सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिला व नौजवान को समर्पित रही है। आने वाले दिनों में इसको और ताकत देकर “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के साथ जनता की सेवा के लिए संकल्पित भाजपा आगे बढ़ेगी।

Share this News...