रांची: एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें डूरंड कप 2026 की ट्रॉफी शनिवार को रांची पहुंची. दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन स्थित केरकेट्टा ऑडिटोरियम में ट्रॉफी शोकेस समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि आईबीजी-23 के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल सज्जन सिंह मान सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.
समारोह में डूरंड कप की तीनों प्रतिष्ठित ट्रॉफियों डूरंड कप, प्रेसिडेंट्स कप और शिमला ट्रॉफी का प्रदर्शन किया गया. सेना के अधिकारियों, खेल विभाग के प्रतिनिधियों, फुटबॉल प्रेमियों और मीडिया के बीच ट्रॉफियों का भव्य स्वागत हुआ.
मंत्री सुदिव्य कुमार ने दी जानकारी
इस मौके पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा झारखंड लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी कर रहा है. डूरंड कप जैसे ऐतिहासिक टूर्नामेंट का रांची में आयोजन राज्य के लिए गर्व की बात है. इससे फुटबॉल संस्कृति को नई ऊर्जा मिलेगी और हमारे युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर प्रेरणा मिलेगी. मंत्री ने कहा राज्य सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
वहीं मेजर जनरल सज्जन सिंह मान ने कहा कि डूरंड कप केवल एक फुटबॉल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि भारतीय सेना की गौरवशाली परंपरा और खेल भावना का प्रतीक है. उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की.
