श्री दीपक प्रकाश बनाये गये भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

रांची, राज्य ब्यूरो। दीपक प्रकाश को भाजपा का झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। बाबूलाल मरांडी के भाजपा विधायक दल के नेता चुने जाने के महज एक दिन बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को प्रकाश को झारखंड भाजपा अध्यक्ष बनाने की घोषणा की है। राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने बयान जारी कर कहा है कि दीपक प्रकाश को झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दीपक प्रकाश को बाबूलाल मरांडी का करीबी और चहेता भी माना जाता है।
दीपक प्रकाश अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के समय से सक्रिय रहे हैं। झारखंड के पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की भाजपा सरकार के समय दीपक को झारखंड खनिज विकास निगम का चेयरमैन नियुक्त किया गया था। वर्ष 2006 में बाबूलाल मरांडी के भाजपा छोड़ने के क्रम में दीपक प्रकाश ने भी बीजेपी से रिजाइन कर दिया था। हालांकि तीन साल बाद वे वापस भारतीय जनता पार्टी में लौट आए। दीपक को संगठन का लंबा अनुभव है।
दीपक प्रकाश के झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के एक दिन पहले ही बाबूलाल मरांडी को मुख्य विपक्षी दल भाजपा की ओर से विधायक दल का नेता चुना गया है। इधर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दीपक प्रकाश को प्रदेश अध्यक्ष बनने पर बधाई दी है। उन्होंने दीपक की अगुआई में भाजपा के नई ऊंचाइयों पर जाने की उम्मीद जताई है। इससे पहले बीते दिन बाबूलाल मरांडी को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था। बाबूलाल अब विपक्षी दल भाजपा की ओर से झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष होंगे।

Share this News...