धनबाद पुलिस का एक्शन–गैंगस्टर प्रिंस खान के वासेपुर स्थित घर पर चला बुलडोजर

:  धनबाद पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में शनिवार को वासेपुर स्थित उसके घर पर बुलडोजर चलाया. यह कार्रवाई निरसा विधायक अरुण चटर्जी को कथित तौर पर धमकी दिए जाने के मामले के बाद की गई.

मामले पर धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है. इधर, कोर्ट के आदेश के बाद धनबाद पुलिस ने सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में वासेपुर स्थित भगोड़े अपराधी प्रिंस खान के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस टीम जेसीबी और ढोल-नगाड़ों के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने भवन को खाली कराते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि संबंधित भवन काफी जर्जर हो चुका है, आसपास बच्चे खेलते हैं और भवन का नक्शा भी स्वीकृत मानकों के अनुरूप नहीं है. सुरक्षा और न्यायालय के आदेश के अनुपालन को ध्यान में रखते हुए जेसीबी की मदद से कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि कोर्ट के निर्देशानुसार आगे की प्रक्रिया भी जारी रहेगी.

कार्रवाई के दौरान डीएसपी (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोय, सीसीआर डीएसपी ऋत्विक श्रीवास्तव सहित तीन डीएसपी, छह थानों की पुलिस और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहे. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल मौजूद रहे, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.

पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए मीडिया कर्मियों को कार्रवाई स्थल से कुछ दूरी पर रखा. बुलडोजर की मदद से मकान को ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई. अधिकारियों के अनुसार पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है ताकि प्रक्रिया का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके.

Uploaded Image

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल बुलडोजर कार्रवाई जारी है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है. विधायक को मिली धमकी के मामले में भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने गैंगस्टर प्रिंस खान और धनबाद सांसद ढुल्लू महतो के खिलाफ निरसा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. विधायक का आरोप है कि प्रिंस खान ने उन्हें वीडियो, ऑडियो कॉल और धमकी भरे संदेश भेजकर जान से मारने की धमकी दी है. उन्होंने अपनी शिकायत में सांसद ढुल्लू महतो को भी नामजद करते हुए दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

अरूप चटर्जी ने आरोप लगाया है कि वह लंबे समय से सांसद ढुल्लू महतो के कथित आपराधिक गठजोड़ और अन्य मामलों को सार्वजनिक रूप से उठाते रहे हैं. उनका कहना है कि इसी वजह से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं. विधायक ने दावा किया कि हाल ही में उन्होंने सांसद के खिलाफ बयान दिया था, जिसके कुछ समय बाद ही प्रिंस खान की ओर से उन्हें कथित रूप से धमकी भरे वीडियो, ऑडियो कॉल और संदेश प्राप्त हुए. उनके अनुसार, यह घटनाक्रम दोनों के बीच कथित संबंधों की ओर इशारा करता है.

 

 

 

Share this News...