टिनप्लेट कर्मियों को मिली एरियर की राशि

जमशेदपुर, 4 जनवरी (रिपोर्टर) : टिनप्लेट इंडिया लिमिटेड कर्मियों के ग्रेड रिवीजन के बाद एरियर के पैसे का इंतजार हो रहा था। अब इंतजार खत्म हुआ। कर्मचारियों के बैंक खाते में उनके ग्रेड की एरियर राशि पहुंच गई है। कर्मचारियों को फिलहाल नौ माह का एरियर मिला है जो 75 से 80 हजार है। शेष बकाया राशि अगले माह फरवरी में वेतन के बाद मिलेगा। जानकारी हो कि कर्मियों का वेतन पुनरीक्षण बीते दिनों हो गया। कंपनी प्रबंधन व टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन के बीच हुए समझौते के मुताबिक कर्मचारियों को 10,250 से लेकर 12,000 तक का लाभ मिला। कर्मचारियों का ग्रेड एक अप्रैल 2018 से लंबित है। ऐसे में 21 माह का एरियर 1.90 लाख से लेकर 2.15 लाख तक है। कंपनी के करीब एक हजार कर्मचारियों के बीच एरियर राशि भेजी गई है। कंपनी के नए कर्मचारियों का ग्रेड दस माह तो पुराने को 21 माह का एरियर मिलना है। पुराने कर्मियों को 1.30 लाख तक की एरियर की बकाया राशि मिलने की उम्मीद है।

Share this News...