इसरो प्रमुख सिवन इकोनॉमी क्लास में सफर करते दिखे, क्रू और यात्रियों ने तालियों से स्वागत किया

इसरो प्रमुख सिवन ने चंद्रयान-2 मिशन की कमान संभाली, साधारण जीवनशैली उनकी पहचान
इंडियो विमान में सिवन के स्वागत का वीडियो वायरल, यूजर्स ने उन्हें देश का रियल हीरो बताया
नई दिल्ली. 2 अक्टूबर इएमएस भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) के प्रमुख के. सिवन अपनी साधारण जीवनशैली के लिए जाने जाते हैं। पिछले महीने भारत के ऐतिहासिक चंद्रयान-2 मिशन की कमान संभाल चुके सिवन को देश-दुनिया में काफी सराहना मिली थी। हाल ही में हवाई यात्रा के दौरान क्रू और साथी यात्रियों ने तालियों से प्लेन में उनका जोरदार स्वागत किया। इसरो जैसे देश के प्रतिष्ठित संस्थान के प्रमुख होने के बाद भी सिवन इंडिगो एयरलाइंस की इकोनॉमी क्लास में सफर कर रहे थे।

विमान में मौजूद एक यात्री ने इस घटनाक्रम का वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है, जो इन दिनों वायरल हो रहा है। यूजर्स ने तारीफ करते हुए उन्हें देश का रियल हीरो बताया। वीडियो में सिवन इकोनॉमी क्लास में सफर करते नजर आए। एयरलाइंस स्टाफ और सहयात्रियों ने उनके सम्मान में तालियां बजाईं। इस दौरान सिवन ने बड़े सरल लहजे में केबिन क्रू व यात्रियों से हाथ मिलाया। उनके साथ सेल्फी भी खिंचाई और हालचाल पूछा। इसरो प्रमुख होने के बावजूद इकोनॉंमी क्लास में सफर करना उनकी साधारण जीवनशैली को दर्शाता है।
सिवन के पिता खेती करते थे, पढ़ाई पूरी करने में मुश्किलें झेलीं
इसरो प्रमुख सिवन तमिलनाडु के कन्याकुमारी के एक सामान्य परिवार से आते हैं। उनके पिता खेती करते थे। बचपन में उन्हें पढ़ाई पूरी करने के लिए मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा था। उन्होंने इसरो ज्वाइन करने के बाद देश की अंतरिक्ष एजेंसी के लिए कई अहम प्रोजेक्ट में अहम भूमिका निभाई है। सिवन ने आईआईटी भुवनेश्वर के दीक्षांत समारोह में छात्रों के साथ अपनी जिंदगी के अनुभव और सीख साझा की थी। उन्होंने कहा था कि मुझे कभी कोर्स और करियर चुनने का मौका नहीं मिला, लेकिन मैं हमेशा उनके लिए मेहनत करता रहा।

Share this News...