नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में दो जवान शहीद, व्यर्थ नहीं जाएगा ये बलिदान-सीएम

रांची,4 अक्तूबर (ईएमएस): दशम फॉल थाना क्षेत्र के जंगल में शुक्रवार सुबह पुलिस जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में झारखंड पुलिस के दो जवान शहीद हो गए। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान किसी नक्सली के पकड़े या मारे जाने की कोई खबर नहीं है। नक्सलियों को पकडऩे के लिए लगातार अभियान जारी है। वहीं घटना के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास ने ट्वीट कर कहा कि जवानों का ये बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
झारखंड जगुआर हेडक्वार्टर में दी गई श्रद्धांजलि
शहीद दोनों जवानों के पार्थिव शरीर को पोस्टमॉर्टम के बाद झारखंड जगुआर के हेडक्वार्टर लाया गया जहां उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। मुख्य सचिव डीके तिवारी, डीजीपी के एन चौबे, डीजी होमगार्ड व फायर एमवी राव, डीजी मुख्यालय पीआरके नायडू, एडीजी ऑपरेशन मुरारी लाल मीणा, विकास आयुक्त सुखदेव ङ्क्षसह, एडीजी अजय कुमार ङ्क्षसह, एडीजी आर के मल्लिक, डीआईजी एवी होमकर, एसएसपी अनीश गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों ने सलामी दी। इस दौरान शहीद के परिजन भी मौजूद रहे। शहीदों के पार्थिव शरीर को डीआईजी, डीजीपी और उनके साथियों ने कंधा दिया। श्रद्धांजलि के बाद पार्थिव शरीर को उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
गुप्त सूचना के बाद की गई कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक नक्सली दस्ते का मूवमेंट रांची-खूंटी जिला सीमा क्षेत्र में डाकापीढ़ी जंगल तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही है। ग्रामीणों के द्वारा सूचना दिए जाने पर झारखंड जगुआर की एक टीम को ऑपरेशन के लिए उस क्षेत्र में भेजा गया। इसी दौरान सुबह चार से पांच बजे के बीच नक्सलियों और जवानों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें झारखंड जगुआर का एक जवान शहीद हो गया और एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल जवान को गंभीर हालत में मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ये जवान हुए शहीद
अखिलेश राम, निवासी- कुंद्री गांव, लेस्लीगंज, पलामू।
खंजन कुमार महतो, निवासी- चैनपुर, राहे सोनाहातू, रांची।

मुख्यमंत्री ने कहा- सरकार हर पल शहीदों के परिजनों के साथ
जगुआर के जवानों के शहीद होने के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास ने ट्वीट कर उनकी शहादत को सलाम किया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में हमारे दो जवान वीरगति को प्राप्त हुए। उनकी शहादत को सलाम। ये बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। नक्सलवाद अंतिम सांसें गिन रहा है और हम इसे खत्म करके ही दम लेंगे। सरकार हर पल शहीदों के परिजनों के साथ खड़ी है।

Share this News...