जेपीएससी मामले में सरकार की पैनी नजर ,झारखंड में छात्र आंदोलन पर पहली बार सीएम हेमंत सोरेन ने दी प्रतिक्रिया

जेपीएससी-जेएसएससी आंदोलन 12वें दिन भी जारी
रांची: जेपीएससी-जेएसएससी को लेकर छात्रों का आंदोलन 12वें दिन भी जारी है. इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पहली बार छात्रों के आंदोलन पर चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने कहा कि जेपीएससी मामले में सरकार की पैनी नजर है. सरकार की आंख, नाक, हाथ और पैर भी हैं, जो राज्य की बेहतरी के लिए काम करती है.

श्रद्धांजलि के बाद सीएम का बयान

मोरहाबादी स्थित दिवंगत गुरुजी शिबू सोरेन के पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री ने मीडियाकर्मियों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि सरकार पहले ही कदम बढ़ा रखी है. कड़ी नजरों के साथ पूरी गंभीरता के साथ जांच चल रही है. उन्होंने कहा कि छात्रों की जो मांग है, उसके अनुरूप समय आने पर आपको निर्णय भी दिखेगा. मुझे उम्मीद है, इससे छात्र भी आश्वस्त होंगे.

जांच टीम सक्रिय, गलतियां खंगाली जा रही हैं

सीएम ने कहा कि बहुत सारी गतिविधियां अभी चल रही हैं. जिस तरह से जांच टीम सक्रिय है, अगर कहीं पर भी किसी तरह की गलतियां हुई होंगी तो उन सभी चीजों को खंगाल जा रहा है और निश्चित रूप से सभी चीजें सामने आने के बाद सरकार का भी निर्णय सामने आएगा.

भाजपा का आरोप: सरकार कानों में तेल डालकर सोई हुई है

छात्रों द्वारा जारी आंदोलन के बहाने विपक्षी दलों को सरकार को घेरने का मौका मिल गया है. प्रमुख विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि छात्रों के आंदोलन को सरकार अनसुनी कर रही है. सीबीआई के बजाय सीआईडी से जांच करके इस मामले को लीपापोती करने में लगी है.

बीजेपी विधायक सीपी सिंह का बयान

बीजेपी विधायक सीपी सिंह ने छात्रों के आंदोलन को सही बताते हुए कहा कि एक तरफ जेपीएससी और जेएसएससी के माध्यम से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. छात्र जांच की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार कान में तेल डालकर सोई हुई है. उन्होंने कहा कि 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा को रद्द कर पूरे मामले की जांच सीबीआई से होनी चाहिए और इसकी घोषणा करने में सरकार क्यों देरी कर रही है, यह समझ से परे है. सीआईडी जांच सिर्फ और सिर्फ इस पूरे मामले का लीपापोती करने के लिए है. उन्होंने कहा कि सरकार को इसे गंभीरता से लेना चाहिए और जल्द से जल्द इस पर फैसला लेना चाहिए.

Share this News...