जमशेदपुर। टाटा स्टील ने पंजाब के लुधियाना स्थित हाई-टेक वैली में अपना पहला स्क्रैप-आधारित इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस (EAF) प्लांट शुरू किया। इस परियोजना पर करीब 3,200 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। इस प्लांट की उत्पादन क्षमता 0.75 मिलियन टन प्रति वर्ष रखी गई है और इसे कम कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य के साथ तैयार किया गया है।
कंपनी के अनुसार, यह प्लांट प्रति टन स्टील उत्पादन पर 0.3 टन से भी कम कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन करेगा। यहां निर्माण कार्य में उपयोग होने वाला टीएमटी सरिया ‘टाटा टिस्कॉन’ ब्रांड के तहत बनाया जाएगा, जिससे कंपनी की निर्माण क्षेत्र में पकड़ और मजबूत होगी।
उद्घाटन समारोह में टाटा स्टील के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और कंपनी के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
यह प्लांट पूरी तरह से 100 प्रतिशत स्टील स्क्रैप पर आधारित है, जिसमें से करीब 40 प्रतिशत स्क्रैप हरियाणा स्थित टाटा स्टील के रीसाइक्लिंग प्लांट से लिया जाएगा।
इस अवसर पर चंद्रशेखरन ने कहा कि देश के सतत विकास के लिए उद्योगों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनना जरूरी है। वहीं, नरेंदरन ने बताया कि यह प्लांट सर्कुलर इकोनॉमी की दिशा में कंपनी का महत्वपूर्ण कदम है, जो कम संसाधनों में बेहतर उत्पादन सुनिश्चित करेगा।
