UP में प्रियंका ने खेला महिला कार्ड ,नया नारा दिया, ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’

उत्तर प्रदेश में पार्टी के जनाधार को मजबूत करने की कठिन चुनौती का सामना कर रही कांग्रेस ने आज बड़ा ऐलान कर दिया। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देगी। प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने वाले हैं।
प्रियंका ने कहा कि हम चाहते हैं कि महिलाएं राजनीति में पूरी तरह से सत्ता में भागीदार बनें। महिलाएं अगर समाज में बदलाव चाहती हैं तो वह राजनीति में आएं और कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ें। इसी बीच सवाल खड़ा होता है कि क्या प्रियंका गांधी भी चुनाव लड़ेगी। इस पर उन्होंने कहा कि अभी यह तय नहीं हुआ है, चुनाव में अभी कुछ समय है और मैं इसके बारे में सोचूंगी और फिर फैसला लूंगी।
एक पत्रकार ने प्रियंका से पूछा कि आखिर महिलाओं को इतनी अधिक भागीदारी क्यों दी जा रही हैं, इस पर उन्होंने कहा कि मेरा बस चलता तो मैं उत्तर प्रदेश चुनाव में उन्हें 50 प्रतिशत की भागीदारी देती। भविष्य में ऐसा हो भी सकता हैं। प्रियंका ने नया नारा दिया, ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं।’
कांग्रेस 40% महिलाओं को टिकट देने के लिहाज से UP की कुल 403 विधानसभा सीटों में से 161 पर महिला उम्मीदवार उतारेगी। प्रियंका जब यह ऐलान कर रही थीं, तब भी उनके मंच पर 7 पुरुष मौजूद थे और प्रियंका के आजू-बाजू केवल दो महिलाएं बैठी हुई थीं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि पार्टी का महिलाओं को टिकट देने का फैसला काफी चुनौतीभरा रहने वाला है।
प्रियंका को परिवारवाद से ऐतराज नहीं
कांग्रेस ने भले ही महिलाओं को 40% टिकट देने का ऐलान किया हो, लेकिन इसमें भी नेताओं के परिवार की महिलाओं का ही दबदबा रहने की संभावना है। खुद प्रियंका गांधी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान परिवारवाद का समर्थन किया। जब उनसे सवाल पूछा गया कि कांग्रेस ने 40% महिलाओं को टिकट देने का ऐलान किया है, लेकिन सभी असरदार नेता अपने परिवार की महिलाओं को ही टिकट दिलाने के लिए लॉबिंग करेंगे। इस पर प्रियंका ने कहा कि इसमें कोई हर्ज नहीं है।

खुद चुनाव लड़ने का सवाल टाल गईं प्रियंका
प्रियंका ने कहा कि हमने आवेदन मांगे हैं और 15 नवंबर तक लोग टिकट के लिए आवेदन कर सकते हैं। महिलाओं को टिकट मेरिट के आधार पर दिया जाएगा। प्रियंका ने यह भी कहा कि उनका बस चलता तो वह 40 की जगह 50 फीसदी टिकट महिलाओं को देतीं। जब उनसे विधानसभा चुनाव लड़ने के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि इस पर बाद में सोचेंगे। वहीं, UP में कांग्रेस के CM फेस के साथ उतरने के सवाल पर भी उन्होंने कहा कि इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है।

Share this News...