महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के तिसगांव इलाके में हुई दर्दनाक घटना का नया वीडियो सामने आया है, जिसमें 19 वर्षीय कुणाल चांदगुड़े को ऊंची पहाड़ी पर खड़ा देखा जा सकता है। उसकी मां संगीता बदहवास हालत में चीख-चीखकर उसे रोक रही हैं और बार-बार कह रही हैं, ‘मैं तेरे पैर पड़ती हूं, वापस आओ, रुक जा, ऐसा मत कर।’ मां ने हाथ जोड़कर बेटे के पैर तक पकड़ने की बात कही, लेकिन कुणाल का दिल नहीं पसीजा। उसने मां की इन विनतियों को अनसुना कर पहाड़ी से नीचे छलांग लगा दी और अपनी जान दे दी।
घटना की शुरुआत शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुई थी, जब कुणाल ने माता-पिता से आईफोन दिलाने की जिद की। कहासुनी के बाद वह नाराज होकर खड्डा पहाड़ की तरफ चला गया। पहाड़ी काफी ऊंची और खड़ी चट्टानों वाली थी, जिसके नीचे गहरी खाई थी। जानकारी मिलते ही पिता मुरलीधर चांदगुड़े और मां संगीता वहां पहुंचे। आसपास के गांव वाले, सरपंच, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर आ गई। करीब तीन घंटे तक सभी ने कुणाल को समझाने और सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश की, लेकिन वह जगह बदलता रहा और नीचे आने को तैयार नहीं हुआ।
पति और बेटे को गिरते देख सदमे में आई मां
दोपहर करीब 1 बजे पिता मुरलीधर बेटे के करीब पहुंचे और उसे पकड़कर वापस लाने की कोशिश की। उसी समय कुणाल ने छलांग लगा दी। बेटे को बचाने के प्रयास में पिता का संतुलन भी बिगड़ गया और दोनों पहाड़ी से नीचे गिर गए। अपनी आंखों के सामने पति और बेटे को गिरते देख मां संगीता सदमे में आ गईं। पुलिस के अनुसार कुछ ही देर बाद उन्होंने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी। इस तरह कुछ ही मिनटों में परिवार के तीनों सदस्यों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 48 वर्षीय मुरलीधर चांदगुड़े, उनकी पत्नी संगीता और 19 वर्षीय बेटे कुणाल के रूप में हुई है। परिवार झाल्टा फाटा इलाके का रहने वाला था। मौके पर मौजूद लोगों, पुलिस और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने पूरा घटनाक्रम अपनी आंखों से देखा। तीनों शवों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और इंस्पेक्टर रामेश्वर गाड़े के नेतृत्व में जांच चल रही है। एक आईफोन की जिद ने कुछ ही घंटों में पूरा परिवार उजाड़ दिया।
