कनाडा के वाणिज्य मंत्री ने किया सीएसआईआर- एनएमएल का दौरा, महत्वपूर्ण धातुओं पर सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा

 

जमशेदपुर। कनाडा उच्चायोग के वाणिज्य मंत्री एड जैगर ने बुधवार को जमशेदपुर स्थित सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल) का दौरा किया। इस अवसर पर भारत व कनाडा के शैक्षणिक संस्थानों, अनुसंधान संगठनों तथा उद्योग जगत के बीच अनुसंधान, विकास और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
उन्होंने सीएसआईआर- एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी व प्रयोगशाला के वैज्ञानिकों के साथ बैठक की। बैठक में विशेष रूप से महत्वपूर्ण धातुओं के निष्कर्षण, पुनर्प्राप्ति और पुनर्चक्रण के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की गई। दोनों देशों के लिए रणनीतिक महत्व रखने वाले इस क्षेत्र में संयुक्त अनुसंधान और तकनीकी विकास की संभावनाओं का भी आकलन किया गया। दौरे के दौरान कनाडाई प्रतिनिधि ने सीएसआईआर-एनएमएल में महत्वपूर्ण धातुओं से संबंधित नवीनतम शोध, प्रौद्योगिकियों और तकनीकी नवाचारों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रयोगशाला के युवा वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं से संवाद कर उनके अनुसंधान कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा उनकी वैज्ञानिक उपलब्धियों की सराहना की।
सीएसआईआर-एनएमएल में कनाडाई वाणिज्य मंत्री का यह दौरा उन्नत सामग्री, महत्वपूर्ण धातुओं और सतत संसाधन पुनर्प्राप्ति के क्षेत्र में भारत-कनाडा सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे संयुक्त अनुसंधान, तकनीकी विकास और उद्योगों की भागीदारी के लिए नए अवसर सृजित होने की उम्मीद की जा रही ।

Share this News...