गाजियाबाद:
Khoda Surya Murder Case: गाजियाबाद के खोड़ा में बकरीद के दिन सूर्या नामक एक 17 साल के लड़के की चाकू मारकर हत्या दी गई. सूर्या को असद नामक शख्स ने कुर्बानी देखने के नाम पर बुलाया था और फिर अचानक बातों-बातों में चाकू निकाल उसपर हमला कर दिया. इस घटना के बाद से खोड़ा में माहौल तनावपूर्ण हो गया है. सूर्या की मां ने आरोपी के एनकाउंटर की मांग की है. पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. इस बीच उस दिन सूर्या के साथ रहे उसके दोस्त आयुष ने कुर्बानी दिखाने के नाम पर किए गए कत्ल की पूरी कहानी बताई है.
कुर्बानी दिखाने के नाम पर असद ने हमें बुलाया थाः आयुष
सूर्या के दोस्त आयुष ने बताया, ‘ईद वाले दिन असद ने हमे बुलाया था. उसने कहा था कि आओ साथ में ईद मनाएंगे. हमने कहा भी था कि हम मीट नहीं खाते. इस पर उसने कहा था कि आओ तुम्हें कुर्बानी दिखाते है. वो हमे अपने साथ ले जा रहा था. बीच रास्ते में 5-6 लड़के थे. बातचीत करते-करते असद ने अचानक असद ने चाकू निकाला और सूर्या के पेट में मार दिया.’
भीड़ जुटने पर पहुंचा तो खून से लथपथ मिला सूर्या
आयुष ने आगे बताया कि सूर्या को चाकू मारने के बाद वो लोग मेरे पीछे आते उससे पहले मैं वहां से जान बचाते हुए भाग गया. फिर जब वहां भीड़ जमा हो गई तब मैं वापस आया. मैंने देखा कि सूर्या खून में लथपथ था. तब हमने उसे उठाया और सेक्टर 62 के फोर्टिंस हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया.
सूर्या के दोस्त ने बताया- असद से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी
क्या कोई पुरानी रंजिश भी थी… इस सवाल पर आयुष ने कहा कि नहीं हमारे बीच कोई रंजिश नहीं थी. हमारी बातचीत भी नहीं थी. खोड़ा में ही किराए के मकान में रहने वाले उदित नाम एक अन्य युवक ने कहा कि चाकू लगने के बाद सूर्या थोड़ी दूर भागते हुए आया और फिर यही चौराहे पर गिर गया. जिसके बाद वहां आस-पास दुकान में मौजूद लोगों की भीड़ जुटी और फिर उसे तत्काल इलाज के लिए फोर्टिस ले जाया गया.
सूर्या के घर के पास दुकान पर काम करता था असद
उदित ने आगे बताया कि असद सूर्या के घर के बाहर स्थित एक दुकान पर काम करता था. उदित ने यह भी बताया कि सूर्या फ्रेंडली नेचर का था. आरोपी असद के घर के पास के लोगों ने कैमरा पर बात करने से इनकार किया है. जानकारी के मुताबिक असद अपने पिता नवाब और माता के साथ यहां रहता हैं. कुछ महीने पहले ही उसने ये कमरा ख़रीदा था.
सूर्या के परिजनों की मांग है कि आरोपियों का इनकाउंटर हो, उनके घरों पर बुलडोजर चले. पोस्टमार्टम के बाद सूर्या का शव घर पहुंच गया है. लेकिन परिजनों ने सूर्या के शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार किया है. सूर्या के परिजनों ने एक फ्रीजर मंगवा लिया हैं और शव को अब उसमे रखा जाएगा. मृतक के परिवार का कहना हैं कि अंतिम संस्कार सिर्फ तब होगा जब सभी आरोपियों को मौत की सजा हो.
फरहान, आसिफ और नवाब नामक तीन आरोपी गिरफ्तार
इस केस में पुलिस ने फरहान, आसिफ और नवाब को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है. बता दें कि हत्या के इस मामले में गाजियाबाद पुलिस ने पहले 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया था. अब इनमें से तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और 2 को हिरासत में रखा है.
