Palamu23 september चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया में करमा विसर्जन के दौरान हुए हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, मृतकों में 3 नाबालिग शामिल है. कोयल नदी में डूबे पांचों मृतक चैनपुर के पतरिया गांव के रहने वाले हैं. इनमें चार के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक की तलाश अभी जारी है. घटना बुधवार करीब 7.30 बजे सुबह की है.
मृतकों की पहचान बाबूलाल सिंह के बेटे नीतीश कुमार सिंह (18), पुरानी ठाकुर के बेटे अमित कुमार ठाकुर (22),संजय सिंह के बेटे राजा सिंह (12), तिलकधारी पासवान के बेटे विशाल पासवान (16) व सुनील सिंह के बेटे हेमंत कुमार सिंह (8) के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, करमा पूजा के बाद डाल विसर्जन के दौरान सभी कोयल नदी पहुंचे थे. इसी दौरान पांचों नदी के गहरे पानी में चले गए और डूब गए. हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया.
घटना की सूचना मिलने पर चैनपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में तलाशी अभियान चलाया गया. इसी दौरान चार शव बरामद कर लिए गए. एक लापता की तलाश जारी है.
चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि हादसे में डूबे सभी लोग एक ही गांव के रहने वाले हैं. चार शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक लापता की तलाश की जा रही है.
