रांचीः झारखंड में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (Narcotics Control Bureau) यानी एनसीबी ने बड़ी कार्रवाई की है. रांची और जमशेदपुर में की गई कार्रवाई के दौरान छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में कथित मास्टरमाइंड जिम्मी के साथ एक युवती भी शामिल है, जिस पर ड्रग्स पैडलर के रूप में काम करने का आरोप है. एनसीबी अब इस पूरे ड्रग्स नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने और इसके अंतरराष्ट्रीय संपर्कों का पता लगाने में जुटी है.
इंटरनेशनल नंबरों के जरिए चलता था ड्रग्स का कारोबार
एनसीबी की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, इस नेटवर्क के तार देश के कई हिस्सों से जुड़े होने के साथ विदेशों तक फैले होने के संकेत मिले हैं. जांच एजेंसी के मुताबिक, कथित मास्टरमाइंड जिम्मी कोकीन और सिंथेटिक ड्रग्स के अवैध कारोबार के लिए अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करता था. इनमें थाईलैंड, ब्रिटेन और अमेरिका के नंबर भी शामिल बताए जा रहे हैं. जांच एजेंसी इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इन विदेशी नंबरों का इस्तेमाल किन लोगों से संपर्क करने, ड्रग्स की आपूर्ति की व्यवस्था करने और नेटवर्क के संचालन के लिए किया जाता था. साथ ही, इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने की भी कोशिश की जा रही है.
रांची के होटल और बार तक फैला सप्लाई नेटवर्क
इस मामले में रांची के कुछ होटल और बार भी एनसीबी की जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं. आशंका है कि शहर के विभिन्न ठिकानों तक कोकीन और सिंथेटिक ड्रग्स की आपूर्ति की जाती थी. एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स की सप्लाई कहां से होती थी, इसके ग्राहक कौन थे और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं.
रांची और जमशेदपुर में कार्रवाई के बाद एनसीबी पूरे नेटवर्क को डिकोड करने में जुटी है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और सामने आए संपर्कों के आधार पर इस सिंडिकेट के दूसरे सदस्यों, ड्रग्स की सप्लाई के स्रोतों और संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की पड़ताल की जा रही है.
