काबू में आने लगा कोरोना:स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- पिछले 20 दिनों से नए मामलों से ज्यादा लोग रिकवर हो रहे, 8 लाख एक्टिव केस कम हुए


नई दिल्ली
देश में पिछले 20 दिनों से कोरोना के मामलों में कमी आ रही है। एक और अच्छी बात यह है कि नए केस के मुकाबले ज्यादा लोग रिकवर हो रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी। जॉइंट हेल्थ सेक्रेटरी लव अग्रवाल ने कहा कि इस दौरान देश में करीब 8 लाख एक्टिव केस कम हुए हैं। देश में अब सिर्फ 7 राज्य हैं जहां 10 हजार से ज्यादा केस सामने आ रहे हैं। 5 से 10 हजार मामलों वाले 6 राज्य हैं। 6 राज्यों महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, यूपी, पंजाब और दिल्ली में सबसे ज्यादा मौतें हो रही हैं।
कंटेनमेंट जोन बढ़ाने पर जोर
अग्रवाल ने कहा कि अब भी हमारी कोशिश कंटेनमेंट जोन बनाने पर ज्यादा है। हम लगातार टेस्टिंग बढ़ा रहे हैं। यही वजह है कि संक्रमण का फैलाव रोकने में हम सफल होते दिख रहे हैं। 382 जिले ऐसे है, जहां 10% से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट है। लिहाजा अभी हमें और काम करने की जरूरत है।

देश में कोरोना की रिकॉर्ड टेस्टिंग:बीते दिन रिकॉर्ड 20.66 लाख टेस्ट हुए, यह दुनिया में सबसे ज्यादा; पॉजिटिविटी रेट भी घटकर 12.5% हुआ

वैक्सीन की बर्बादी घटी
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में वैक्सीन की बर्बादी भी घट रही है। कोवीशील्ड के खराब होने की दर 1 मार्च को 8% थी। अब यह घटकर 1% हो गई है। इसी दौरान में कोवैक्सिन के खराब होने की दर 17% से घटकर 4% हो गई है।धीरे-धीरे इसे शून्य पर लाने की कोशिश हो रही है। हाल में प्रधानमंत्री ने जिलों के कलेक्टर के साथ बैठक की। इसके बाद इन जिलों की जो बेहतर काम किए गए, उन्हें साझा किया है।
फंगस इंफेक्शन रोकने के लिए गाइडलाइन जारी
लव अग्रवाल ने बताया कि फंगस इंफेक्शन कंट्रोल करने और इलाज के लिए सरकार ने गाइड लाइन जारी की है। ब्लैक फंगस के लिए एमफोटेरेसिन-बी की देश में सीमित उपलब्धता थी। इसे बढ़ाया जा रहा है। 5 और मैन्युफैक्चरर का लाइसेंस दिलाने का काम किया जा रहा है। अभी जो मैन्युफैक्चरर हैं, वे भी प्रोडक्शन बढ़ा रहे हैं।
कोरोना पर राहत की खबर
18 राज्यों में पॉजिटिविटी रेट 15% से ज्यादा है। लगभग इसमें लगातार कमी दर्ज की जा रही है। 5 से 15% पॉजिटिविटी वाले 14 राज्य हैं। 4 राज्यों में 5% से कम पॉजिटिविटी रेट है।
1 लाख से ज्यादा एक्टिव केस घटकर अब सिर्फ 8 राज्यों में रह गए हैं। 50 हजार से एक लाख के बीच एक्टिव केस वाले राज्य 8 हो गए हैं। 50 हजार से कम एक्टिव केस वाले 20 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश हैं।
पिछले 24 घंटों में देश में 2.57 लाख मामले दर्ज किए गए हैं। 3.57 लाख लोग रिकवर हुए हैं। 78% नए मामले 10 राज्यों से दर्ज किए जा रहे हैं। सिर्फ 7 राज्यों में रोज 10 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए जा रहे हैं।
3 मई को देश में 17.13% एक्टिव केस थे। अब यह 11.12% हो गए हैं। रिकवरी रेट भी 87.76% हो चुकी है। देश में 2 करोड़ 30 लाख से ज्यादा लोग रिकवर हो चुके हैं।

Share this News...