रामगढ़ के लुकैयाटांड में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा का CM हेमंत सोरेन ने किया अनावरण

गूंजा गुरुजी का ‘जयघोष’

 

रामगढ़: जिले के गोला प्रखंड स्थित लुकैयाटांड में मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की 14 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया. इस दौरान झामुमो नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे.

दिग्गज नेताओं ने दी शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि

रामगढ़ के लुकैयाटांड स्थित सोना सोबरन मेमोरियल स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पहले ही पूरी की जा चुकी थीं. श्रद्धांजलि सभा में करीब 10 हजार लोगों के आने की व्यवस्था की गई. कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, झारखंड आंदोलनकारी, जनप्रतिनिधि और सोरेन परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद थे. साथ ही कई मंत्री, नेता और विधायक भी मौजूद रहे.

 

प्रतिमा अनावरण के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि, झारखंड आंदोलनकारी और कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने गुरुजी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान झारखंड आंदोलन में शिबू सोरेन के योगदान और राज्य निर्माण में उनकी भूमिका को भी याद किया गया.

कार्यक्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट

प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है. लुकैयाटांड शिबू सोरेन का पैतृक गांव है और यह स्थान झारखंड आंदोलन की उनकी लंबी राजनीतिक यात्रा से गहराई से जुड़ा रहा है.

हमारे पूर्वजों ने लड़ी शोषण के खिलाफ लड़ाई

प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमने लुकैयाटांड में दिशोम गुरू की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया है ताकि हमारी भावी पीढ़ी अपने इतिहास को ना भूले, कि किन मुसीबतों से शोषण के खिलाफ संघर्ष, किस तरीके से देश आजादी के बाद भी और उसके पहले भी शोषण होता रहा और उस शोषण के खिलाफ हमारे पूर्वजों ने लड़ाई लड़ी. यह हमें जरूर सीखना चाहिए. हम अतीत और इतिहास के पन्नों के माध्यम से अपने भविष्य की रुपरेखा तय कर सकते हैं और आने वाली चुनौतियों को सुलझा सकते हैं.

स्कूल में मास्टर थे मेरे दादाजी: सीएम

आज इसी लुकैयाटांड में दिशोम गुरू शिबू सोरेन जी की प्रतिमा का अनावरण किया है. वही इसी जंगल की तराई में मेरे दादाजी की समाधि स्थल भी है. मेरे दादाजी सोबरन मांझी कहते थे कि कुछ असामाजिक तत्वों ने उनकी हत्या कर दी थी. एक मास्टर के रूप में मेरे दादाजी, उस समय यह इलाका हजारीबाग जिले में आता था. यहां के छोटे से स्कूल में शिक्षक की भूमिका निभाई थी और कहा जाए तो मेरे जन्म से पहले ही असामाजिक तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया था.

आज भी विद्यमान है असामाजिक तत्व

लेकिन बड़ी चिंता का विषय है कि आज भी एक नये चेहरे के साथ असामाजिक तत्व समाज में विद्यमान है. आज हम चांद पर जाने का सपना देख रहे हैं वही आज भी कुछ असामाजिक ताकत पनपती रहती है. इसलिए सरकार चाहे वह आम नागरिक हो, चाहे बुजुर्ग हो, चाहे महिला हो, चाहे नौजवान हो, उनको साधने का काम करती है.

लोगों में एकजुटता बेहद जरूरी: सीएम हेमंत सोरेन

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि जब मेरे दादा जी की हत्या हुई थी, उस समय मेरा जन्म नहीं हुआ था. तब की घटना और आज भी ऐसी ही घटना देखने को मिलती है और मुझे लगता है कि यहां एक ही समाधान है और वो है हमारी एकजुटता. एक दूसरे के प्रति हमारा सम्मान, हम जब तक एक दूसरे के प्रति सम्मान भाव नहीं रखेंगे तो हमेशा एक दूसरे लड़ते दिखाई देंगे.

 

गुरू जी के जीवन दर्शन के बारे में कहां से शुरू कंरू: वित्त मंत्री

दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रतिमा के अनावरण के बाद सभा को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि ऐसी महान आत्मा भले ही हम सब के बीच में ना रही हो लेकिन उनके विचार हमारे साथ-साथ चलते हैं. जैसा मैने अभी कहा कि भावना से हम सभी अभिभूत है, मुझे समझ नहीं आ रहा है कि गुरू जी के बारे में हम उनके जीवन दर्शन के बारे में बातें कहां से शुरू करें और कहां पर खत्म करें.

महान व्यक्तित्व के धनी थे गुरू जी: राधाकृष्ण किशोर

वित्त मंत्री ने कहा कि चंद मिनटों के संबोधन में उनके व्यक्तित्व और जीवन दर्शन के बारे में सब कुछ कह पाना असंभव है लेकिन गुरू जी एक ऐसे महान व्यक्तित्व के धनी थे. गुरू जी की आत्मा इतनी महान आत्मा थी कि उनका मन उनका आचरण उच्च और पवित्र था. लोक कल्याण की भावना उनके अंदर समाहित थी.

विकास के लिए डेमोक्रेटिक सेटअप जरूरी

बिहार और झारखंड में आर्थिक और सामाजिक व्यवस्था को लेकर, जो आंदोलन उन्होंने कायम किए, जो उन्होंने व्यवस्थाएं कायम की आज उसी का परिणाम है कि झारखंड राज्य अलग होने के बाद हम शुद्ध रूप से लोकतात्रिंक व्यवस्था में सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व में डेमोक्रेटिक सेटअप के साथ विकास के मार्ग पर आगे चल रहे हैं.

Share this News...