RJD : अर्जुन यादव के बड़े बड़े बोल video : JMM गठबंधन सरकार और विधायक सविता महतो पर दागे हवाई गोले

CHANDIL,19 Sept: झारखंड सरकार में मित्र दल राजद ने यहां झामुमो विधायक सविता महतो और झारखंड सरकार पर हमला बोल कर गठबंधन में सनसनी फैलाने की कोशिश की। राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश महासचिव अर्जुन यादव ने ईचागढ़ झामुमो विधायक सविता महतो पर निशाना साधते हुए कहा कि विधायक सविता महतो ब्यूरोक्रेट्स के सामने नतमस्तक है। विधानसभा क्षेत्र के बेलगाम पदाधिकारियों पर विधायक सविता महतो कार्रवाई करें तथा मुख्यालय में पदाधिकारियों का बैठना सुनिश्चित करवाएं। यादव ने कहा कि चांडिल डैम के विस्थापित के मुद्दे पर यदि राज्य सरकार विधायक की बातों को नहीं मानती है तो विधायक सविता महतो को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि जनता ने उनको वोट देकर विधायक बनाया है।

चांडिल में प्रेस प्रतिनिधियों से बात करते हुए बेबाक अंदाज से अर्जुन यादव ने कहा कि मौजूदा झारखंड सरकार में राष्ट्रीय जनता दल घुटन महसूस कर रहा है। हो सकता है कि भविष्य में राजद झारखंड विधानसभा के सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़े। यादव ने अपना निजी सुझाव बताते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल को सभी 81 सीटों पर अपने दम पर ही चुनाव लड़ना चाहिए, क्योंकि राजद के चाहने वालों की झारखंड में कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि ईचागढ़ विधान सभा क्षेत्र के चारों प्रखंड मुख्यालय तथा विभागीय कार्यालय में पदाधिकारी नदारद रहते है जिसके चलते ग्रामीणों को जाति, आय, पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र बनाने के लिए कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है। कुकडू प्रखंड में विगत छह महीने से नीमडीह बीडीओ व सीओ के अतिरिक्त प्रभार से चल रहा है। प्रेस वार्ता के बाद अर्जुन यादव कार्यकर्ताओं के साथ रांची के लिए रवाना हुए, जहां बिहार विधानसभा के विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के कार्यक्रम में शामिल होने गए। इस मौके पर जिला अध्यक्ष गाजू साव, युवा राजद प्रदेश सचिव बबलू यादव, जिला उपाध्यक्ष मोती, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुचिता बारीक, चंपा, यशोदा आदि उपस्थित थे।

Share this News...