चांडिल, 16 जून। रविवार की शाम सरायकेला -खरसावां जिले के चांडिल डैम में नहाने के दौरान 22 वर्षीय अल कबीर पॉलिटेक्निक छात्र मोहम्मद साहिल की डूबने से मौत हो गई। मृतक साहिल रामगढ़ जिले के बरकाकाना स्थित दुर्गीबस्ती का निवासी था और कपाली स्थित अल-कबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, रविवार को मोहम्मद साहिल अपने कॉलेज के आठ दोस्तों के साथ चांडिल डैम घूमने गया था। सभी छात्र डैम में नहा रहे थे, तभी साहिल गहरे पानी की ओर चला गया और अचानक संतुलन बिगड़ने से डूब गया। घटना के समय उसके साथी उसे बचा नहीं सके।
सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। रातभर की खोजबीन के बाद सोमवार सुबह साहिल का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा गया है। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है।
साहिल की असामयिक मौत से उसके परिवार और कॉलेज में शोक की लहर दौड़ गई है। कॉलेज प्रशासन और मित्रों ने घटना पर गहरा दुख जताया है।
प्रशासन ने पर्यटकों से आग्रह किया है कि चांडिल डैम जैसी जलाशयों में सुरक्षा नियमों का पालन करें और बिना सुरक्षा उपायों के जलक्रीड़ा से बचें।